August 30, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मोदी सरकार की योजनाओं से आम आदमी का जीवन हुआ आसानः धामी

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित काल बताया है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मीडिया से संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बीते 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने ऐसी योजनाओं को धरातल पर उतारा है, जिनसे आम आदमी के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के साथ सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। आयुष्मान भारत योजना से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं, वहीं जनधन खातों और डीबीटी व्यवस्था ने सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि पहले योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंचने में कई बाधाएं आती थीं, लेकिन आज तकनीक और पारदर्शी व्यवस्था के कारण लाभार्थियों के खातों में सहायता राशि सीधे पहुंच रही है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं ने गांव, गरीब और महिलाओं के जीवन में बड़ा परिवर्तन किया है। उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली, जल जीवन मिशन से घर-घर नल से जल पहुंचाने का काम तेजी से हुआ। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, गैस कनेक्शन, शौचालय और आवास जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकार ने मिशन मोड पर काम किया है। इससे करोड़ों परिवारों के जीवन स्तर में सुधार आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश डिजिटल व्यवस्था की ओर तेजी से आगे बढ़ा है। डिजिटल लेन-देन आज आम जीवन का हिस्सा बन चुका है। जनधन खातों के माध्यम से योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत की पहचान दुनिया में एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में बनी है। देश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है और भारत वैश्विक स्तर पर नई भूमिका निभा रहा है। सीएम धामी ने कहा कि केंद्र सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सरकार ने मजबूत फैसले लिए हैं और आतंकवाद को करारा जवाब दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में भी विकास कार्यों को नई रफ्तार मिली है। सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश- कर्णप्रयाग रेल परियोजना और कनेक्टिविटी से जुड़े कार्यों से आने वाले समय में प्रदेश को बड़ा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के बदलाव और विश्वास के वर्ष रहे हैं। सरकार का संकल्प है कि विकास की यह यात्रा लगातार आगे बढ़ती रहे और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *