October 7, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

किच्छा-सिरौली कला में कांग्रेस के राजेश और राशिदा आगे, कांग्रेस समर्थकों में जीत को लेकर उत्साह

किच्छा। किच्छा और सिरौली कला नगर पालिका परिषद के चुनाव की मतगणना गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में मंडी समिति परिसर में बनाए गए मतगणना केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। आज प्रातः 8 बजे से शुरू हुई किच्छा और सिरौलीकलां नगर निकाय चुनाव की मतगणना में शुरुआती रुझानों ने कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना दिया है। समाचार लिखे जाने तक तीसरे राउंड में किच्छा में कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह भाजपा के संदीप अरोड़ा से करीब 2900 मतों की बढ़त बना चुके थे। वहीं सिरौलीकलां में भी कांग्रेस प्रत्याशी राशिदा बेगम लगभग 1100 वोटो से निर्दलीय प्रत्याशी फरहीन जहां से आगे चल रही थीं। दोनों सीटों पर कांग्रेस समर्थकों में जीत को लेकर उत्साह बढ़ गया है। मतगणना केंद्र के आसपास पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ ही परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की गई। मतगणना शुरू होने से पूर्व जिलाधिकारी नितिन भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मतगणना व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतगणना कार्य किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होना चाहिए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता, निष्पक्षता तथा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए। मतगणना केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों की लगातार नजर बनी रही।मतगणना केंद्र की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया गया। वहीं केंद्र परिसर में प्रवेश से पहले मतगणना अभिकर्ताओं, प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों और अन्य अधिकृत लोगों की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। सुरक्षा कर्मियों द्वारा तलाशी लेने के बाद ही लोगों को मतगणना केंद्र में प्रवेश दिया गया। प्रशासन की ओर से मतगणना स्थल पर किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।गौरतलब है कि 22 सितंबर को किच्छा नगर पालिका और सिरौलीकलां नगर पंचायत के लिए मतदान हुआ था। किच्छा नगर पालिका क्षेत्र में कुल 36,534 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था जबकि सिरौलीकलां में 9,721 मतदाताओं ने मतदान किया था। अब मतगणना के प्रत्येक राउंड के साथ दोनों निकायों के चुनावी परिणाम की तस्वीर लगातार साफ होती जा रही है।मतगणना शुरू होने के बाद से ही किच्छा नगर पालिका के अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाचार लिखे जाने तक कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा से बढ़त बनाए हुए थे। हालांकि मतगणना के अभी कई राउंड शेष होने के कारण अंतिम परिणाम के लिए सभी की निगाहें आने वाले राउंड पर टिकी हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मतगणना की गति और राउंड की संख्या को देखते हुए किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष पद का अंतिम परिणाम देर शाम तक आने की संभावना है।मतगणना के दौरान जैसे-जैसे मतपेटियां खोली जा रही थीं वैसे-वैसे प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की धड़कनें भी बढ़ती दिखाई दीं। प्रत्येक राउंड के परिणाम के बाद प्रत्याशी और समर्थक अपने-अपने पक्ष के आंकड़ों का मिलान करते नजर आए। मतगणना केंद्र के बाहर भी समर्थकों की निगाहें अंदर चल रही प्रक्रिया पर टिकी रहीं। किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष पद के परिणाम को लेकर शहर में सुबह से ही राजनीतिक चर्चाओं का दौर जारी रहा। शुरुआती रुझानों में कांग्रेस प्रत्याशी की बढ़त के बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह दिखाई दिया जबकि भाजपा समर्थक अगले राउंड में तस्वीर बदलने की उम्मीद लगाए रहे। अंतिम परिणाम सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किच्छा नगर पालिका की कमान किसके हाथ जाएगी। समाचार लिखे जाने तक दूसरे राउंड की मतगणना समाप्त होने के बाद तीसरे राउंड की मतगणना में किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोरा से 2900 मतों से आगे चल रहे थे। वही सिरौलीकला में कांग्रेस प्रत्याशी राशिदा बेगम निर्दलीय प्रत्याशी फरहीन जहां से 1100 मतों से आगे चल रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *