वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत
लालकुआं (उद संवाददाता)। कोतवाली क्षेत्र के वीआईपी गेट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेलवे पुल के नीचे रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान बेरीपड़ाव निवासी 30 वर्षीय आनंद पवार के रूप में हुई है। बताया गया कि आनंद रविवार को अपनी स्कूटी से पंतनगर में आयोजित किसान मेले में शामिल होने के लिए जा रहा था। इसी दौरान जब वह वीआईपी गेट के समीप रेलवे पुल के नीचे हाईवे पर पहुंचा, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन के चालक ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे आनंद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों कीभीड जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आनंद को एंबुलेंस की मदद से तत्काल उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया। जहां उसकी हालत बेहद गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लालकुआं कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले में जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हादसे के बाद फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है
