Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

फेक नैरेटिव और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहें प्रदेश के युवाः सीएम

हल्द्वान। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सोशल मीडिया आज केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह समाज को जागरूक करने, सकारात्मक परिवर्तन लाने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का प्रभावशाली मंच बन चुका है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मकता, सत्य और समाज हित में करने का आ“वान किया। हल्द्वानी में आयोजित सोशल मीडिया मंथन विथ सीएम धामी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया इंफ्रलूएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, डिजिटल वॉलेंटियर्स और युवाओं के साथ संवाद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं ने सोशल मीडिया, रोजगार, उत्तराखंड के विकास, संस्कृति, राष्ट्रवाद और युवाओं की भूमिका से जुड़े सवाल मुख्यमंत्री के समक्ष रखे, जिनका उन्होंने स्पष्टता और आत्मीयता के साथ जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा डिजिटल माध्यमों के जरिए अपनी बात पूरी दुनिया तक पहुंचाने की क्षमता रखता है और उत्तराखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा मौजूद है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जिम्मेदार व्यवहार और तथ्यपरक जानकारी साझा करना समय की आवश्यकता है। फेक नैरेटिव, भ्रामक सूचनाओं और समाज को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया को जनसंवाद का सशक्त माध्यम बनाया है और लगातार युवाओं से संवाद कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, स्टार्टअप, नवाचार, खेल, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और सख्त भू कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लेकर प्रदेश और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का कार्य किया है। उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और देवभूमि की पहचान को संरक्षित रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में सोशल मीडिया इंफ्रलूएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स ने भी अपने सुझाव और अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं की सकारात्मक सहभागिता और सुझावों का हमेशा स्वागत करती है। उन्होंने युवाओं से उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एम्बेसडर बनकर प्रदेश की सकारात्मक छवि दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का आ“वान किया। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, शंकर कोरंगा, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, गोविंद सिंह समेत अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *