Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

विकास योजनाओं के लिए 20.79 करोड़ की स्वीकृति

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के तहत सड़कों, शासकीय आवासों और सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण के लिए 20.79 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क, आवास एवं जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है ताकि स्थानीय जनता को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री ने चम्पावत के टनकपुर में न्यायिक अधिकारियों के लिए आवास निर्माण हेतु 1.29 करोड़ की स्वीकृति दी है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में 77.61 लाख जारी किए गए हैं। इसी प्रकार होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा मुख्यालय के कार्यालय भवन निर्माण के लिए 2.24 करोड़ की स्वीकृति के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 89.80 लाख का अनुमोदन प्रदान किया गया है। विभिन्न जनपदों में सड़क निर्माण के लिए भी बड़ी धनराशि स्वीकृत की गई है। इसमें टिहरी गढ़वाल के थौलधार विकासखण्ड में कमान्द-थौलधार मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए 3.52 करोड़, बागेश्वर के गरुड़ विकासखण्ड में बिनातोली से गरकोट मोटर मार्ग के लिए 4.01 करोड़ तथा पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में चपलोडी-फल्द्वाड़ी मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 2.22 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। नैनीताल के बेतालघाट विकासखण्ड में दूनीखाल-रातीघाट पैदल मार्ग के निर्माण हेतु 4.01 करोड़, देहरादून में राष्ट्रीय राजमार्ग-72 लच्छीवाला से रायपुर तक 04 लेन एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर के लिए 1.03 करोड़ तथा पौड़ी गढ़वाल के पौड़ी विधानसभा क्षेत्र में बिल्केदार-गौरीकोट मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 3.67 करोड़ की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा चमोली, उधमसिंहनगर एवं उत्तरकाशी में पुरुष, महिला, ट्रांसजेंडर एवं दिव्यांगजनों के लिए पृथक शौचालय निर्माण हेतु 66.02 लाख की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *