Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

विधायक पांडेय के आवास पहुंचे अनिल बलूनी, सियासी चर्चाएं तेज

गूलरभोज/गदरपुर। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं गढ़वाल क्षेत्र से सांसद अनिल बलूनी सोमवार को गूलरभोज स्थित पूर्व विधायक अरविंद पांडेय के आवास पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच करीब डेढ़ घंटे तक चली मुलाकात के बाद क्षेत्रीय राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अनिल बलूनी के पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने इस बैठक में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की बात कही है। पूर्व विधायक अरविंद पांडेय पिछले कुछ समय से क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर लगातार मुखर रहे हैं। ऐसे में भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता अनिल बलूनी का उनके आवास पहुंचना कई राजनीतिक संकेत दे रहा है। हालांकि बैठक के बाद दोनों नेताओं ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए नेताओं ने संगठन की मजबूती, सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने पर जोर दिया। सूत्रों के अनुसार भाजपा नेतृत्व मिशन-2027 को लेकर अभी से संगठनात्मक तैयारी में जुट गया है। वहीं राष्टीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन से पूर्व दोनों नेताओं की मुलाकात को लेकर क्षेत्र में चर्चाए तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *