उक्रांद महानगर अध्यक्ष की पत्नी ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर लगा ली आग
अल्मोड़ा। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के महानगर अध्यक्ष मोहित साह की पत्नी लता साह (37) ने सोमवार सुबह घर में खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। गंभीर हालत में उसे पास के अस्पताल में ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। उक्रांद के महानगर अध्यक्ष मोहित साह परिवार के साथ माॅल रोड स्थित आरसीएम शॉपिंग मॉल के पास रहते हैं। बताते हैं कि सोमवार सुबह मोहित साह बेटे को स्कूल छोड़ने गए थे। इसी समय उनकी पत्नी लता साह ने बोतल में रखा पेट्रोल खुद पर छिड़क लिया और माचिस जलाकर आग लगा दी। मोहित साह बेटे को स्कूल छोड़कर घर लौटे जहां पत्नी को देख उनके होश उड़ गए। पुलिस के मुताबिक पेट्रोल की बोतल घर के अंदर ही रखी थी। लोगों का मानना है कि यदि घर में पेट्रोल की बोतल नहीं रखी होती तो शायद ऐसी घटना नहीं होती। कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिली तो जांच की जाएगी।
