Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

युवती से प्रेम प्रसंग के चलते घरवालों ने युवक और उसके दोस्त को कमरे में बंद कर पीटा, युवक की मौत

टिहरी। उत्तराखंड में दूसरे जाति की युवती से प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक को मारपीट कर मौत के घाट उतारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वहीं आरोपी हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग की जा रही है। किशोरी से मिलने गए युवक और उसके दोस्त को लड़की के घरवालों ने कमरे में बंद कर बुरी तरह पीटा, जिससे युवक की मौत हो गई और दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने नामजद को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घठना प्रतापनगर ब्लॉक में ओण पट्टी के देवल गांव की है। देवल गांव निवासी धनपाल लाल ने बताया कि गंभीर रूप से घायल पुत्र केतन लाल (18) ने अस्पताल ले जाते समय बताया कि सात जून की रात को किशोरी ने फोन कर उसे अपने घर खोलगढ़ बुलाया। युवक अपने दोस्त दिवाकर डिमरी के साथ गया तो वहां किशोरी के परिजनों ने दोनों को एक कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से पिटाई शुरू जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। किशोरी के पिता ने युवक के पिता को फोन कर अपने लड़के को ले जाने को कहा। खोलगढ़ पहुंचने पर केतन गंभीर रूप से घायल मिला। परिजन उसे उपचार के लिए सीएचसी चौंड ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। कहा कि जब तक हत्या के दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, शव नहीं उठाया जाएगा। बताया जाता है कि अनुसूचित जाति के केतन की सामान्य वर्ग की किशोरी से करीब छह माह से दोस्ती थी। जिला अस्पताल बौराड़ी के सीएमएस डॉ.अमित राय ने बताया कि अस्पताल में भर्ती दिवाकर डिमरी की स्थिति सामान्य है। एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने कहा कि युवक की मौत की घटना में एससी-एसटी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। नामजद अभियुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीओ टिहरी को जांच सौंपी गई है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *