Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बंद मकान से 35 लाख की चोरी, नकदी और जेवरात ले उड़े चोर

किच्छा (उद संवाददाता)। किच्छा कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के मुख्य गेट और कमरों के ताले तोड़कर करीब 70 हजार रुपये की नकदी, सोने चांदी के जेवरात तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। गृह स्वामी जाकिर ने बताया कि वह 25 जून को रिश्तेदारी में गए हुए थे। शनिवार तड़के करीब चार बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके मकान के ताले टूटे हुए हैं। सूचना मिलते ही वह वापस घर पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट, बरामदे और कमरों के सभी ताले टूटे पड़े थे तथा घर का सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित के अनुसार चोरों ने घर में रखी अलमारियों, बेड बॉक्स और संदूकों को खंगाल दिया। घर में रखे करीब 70 हजार रुपये की नकदी, सोने चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 35 लाख रुपये है। घटना के संबंध में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात दो अलग अलग स्थानों पर मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्ध युवक कैमरों में दिखाई दिए हैं। तीनों ने हेलमेट और मास्क पहन रखे थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर किच्छा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अन्य तकनीकी और भौतिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। गृह स्वामी चोरी गए सामान की विस्तृत सूची तैयार कर रहे हैं, जिसके आधार पर पुलिस को ििलखत तहरीर सौंपी जाएगी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए तथा पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। दिनदहाड़े नहीं बल्कि बंद मकान को निशाना बनाकर हुई इस बड़ी चोरी की घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत और रोष का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *