नैनी झील में दूसरे दिन भी शव मिलने से हड़कंप
नैनीताल (उद संवाददाता)। ज्यों ज्यों गर्मी परवान चढ़ती जा रही है यहाँ आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी निरन्तर बढ़ोत्तरी होती जा रही है। वहीं दूसरी ओर नैनी झील में आज दूसरे दिन शनिवार को भी एक व्यक्ति का शव बरामद होने से पर्यटक नगरी में हड़कंप मच गया। शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को झील से बाहर निकलवाया और कब्जे में लिया जानकारी मिलने पर मृतक के परिजनों ने मौके पर पहुंचकर पहचान की। बताया जाता है कि नैनीताल के मल्लीताल में एन.सी.सी. ट्रेनिंग सेंटर और माँ मायना देवी मंदिर के समीप से किसी व्यक्ति ने आज शनिवार को सवेरे 7 नैनीझील में शव देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मल्लीताल कोतवाली टीम एसएसआई दिनेश जोशी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने झील में उतराते शव को बाहर निकाला। तलाशी के दौरान उसकी जेब से 4000 रुपए नगद निकले। उनकी पहचान आल सेंटस स्कूल में सफाई कर्मचारी लगभग 50 वर्षीय महिंदर चौहान के रूप में की गई। उनके शव की स्थिति देखकर बताया गया कि अधेड़ बहुत कम समय पहले ही डूबा होगा।पुलिस शव को चिकित्सकीय जांच के लिए स्थानीय बीड़ी पाण्डे अस्पताल ले गई। मृतक के परिजन झील किनारे पहुंचे और पहचान की। इससे पहले भी शुक्रवार को मल्लीताल के बड़ा बाजार निवासी मनीष साह का शव नैनीझील से उतराता मिला था।
