देहरादून में दर्दनाक हादसा: कंटेनर के नीचे दबी कार, एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार की मौत
छह वर्षीय बच्चा सुरक्षित निकाला गया: मोहब्बेवाला चौक पर रंबल स्ट्रिप पार करते ही कार पर पलटा प्लास्टिक दाने से भरा कंटेनर
देहरादून- देहरादून के मोहब्बेवाला चौक पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई। सहारनपुर से देहरादून आ रही आई-20 कार के ऊपर प्लास्टिक दाने से भरा कंटेनर अचानक पलट गया। भारी-भरकम कंटेनर के नीचे कार पूरी तरह दब गई। हादसे में कार सवार छह वर्षीय बच्चा माहेर कपूर घायल हो गया, जिसे रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।जानकारी के अनुसार, सहारनपुर निवासी विश्वेश कपूर (38) अपनी पत्नी निशा आनंद कपूर (38), मां किरण कपूर (63) और छह वर्षीय बेटे माहेर के साथ देहरादून आ रहे थे। बताया जा रहा है कि परिवार विश्वेश के छोटे भाई की गर्भवती पत्नी को देखने के लिए आ रहा था। इसी दौरान मोहब्बेवाला चौक पर उनकी कार के बराबर से गुजर रहा प्लास्टिक दाने से भरा कंटेनर रंबल स्ट्रिप पार करते ही अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया।हादसा इतना भीषण था कि कार कंटेनर के नीचे पूरी तरह दब गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन भारी कंटेनर के कारण कार में फंसे लोगों को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका।

हाइड्रा और कटर की मदद से चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। सबसे पहले हाइड्रा की मदद से कंटेनर को कार के ऊपर से हटाया गया। इसके बाद दो कटर की सहायता से कार की छत काटकर अंदर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया गया।करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद छह वर्षीय माहेर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे को मामूली चोटें आई थीं। उसे सुरक्षित देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और रेस्क्यू टीम के प्रयासों की सराहना की।हालांकि, इसके बाद कार में फंसे चार अन्य लोगों को गंभीर हालत में बाहर निकालकर दो एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कंटेनर चालक और परिचालक की तलाश
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विश्वेश कपूर (38), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (38), मां किरण कपूर (63), निवासी गोकुल धाम कॉलोनी, सहारनपुर और कार चालक नीरज, निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि कार दीपेश कपूर के नाम पर पंजीकृत है। सीओ सदर अंकित कंडारी के अनुसार, हादसे के बाद कंटेनर का चालक और परिचालक वाहन से कूदकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। जिस परिवार में आने वाले नए मेहमान के स्वागत की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां इस हादसे ने ऐसा मातम पसार दिया कि छह वर्षीय मासूम माहेर के सिर से पिता, मां और दादी का साया हमेशा के लिए उठ गया।


