उत्तराखंड गौरव सम्मान के लिए नैनीताल के डॉ. गिरीश रंजन तिवारी और रुद्रपुर के कश्मीर सिंह सहित 15 विभूतियां चयनित
रुद्रपुर/नैनीताल। उत्तराखंड शासन ने उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार वर्ष 2026 के लिए चयनित विभूतियों की सूची जारी कर दी है। शासन की ओर से जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 15 हस्तियों को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है। इनमें नैनीताल के वरिष्ठ पत्रकार एवं शिक्षाविद् डॉ. गिरीश रंजन तिवारी और रुद्रपुर के वरिष्ठ समाजसेवी कश्मीर सिंह का नाम भी शामिल है। दोनों के चयन से क्षेत्र में खुशी की लहर है। नैनीताल निवासी डॉ. गिरीश रंजन तिवारी का शिक्षा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान रहा है। वह उत्तराखंड के वरिष्ठ अधिवक्ता डीके शर्मा के समधी हैं। पत्रकारिता और शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले डॉ. तिवारी इससे पूर्व भी कई बार सम्मानित हो चुके हैं। उन्हें नैनीताल के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से विशेष लगाव रहा है। उन्होंने नैनीताल के इतिहास को लेकर एक पुस्तक भी लिखी है। उनके इस योगदान को देखते हुए शासन की ओर से उन्हें उत्तराखंड गौरव सम्मान के लिए चयनित किया जाना क्षेत्र के लिए गौरव की बात माना जा रहा है। वहीं रुद्रपुर निवासी कश्मीर सिंह की गिनती क्षेत्र के वरिष्ठ और समर्पित समाजसेवियों में होती है। उन्होंने लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए जरूरतमंदों और समाज के हित में कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं। हाल ही में उन्होंने समाजसेवा के उद्देश्य से अपनी बेशकीमती भूमि भी निशुल्क उपलब्ध कराई है। समाज के प्रति उनके इसी समर्पण और योगदान को देखते हुए उन्हें सामाजिक क्षेत्र में उत्तराखंड गौरव सम्मान के लिए चयनित किया गया है।


