August 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढ़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए: सीएम

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं के मूल्यों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने और आम जनता को उचित दरों पर आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के जरिए कृत्रिम रूप से कीमतें बढ़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अधिकारियों को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और उनके दामों की नियमित निगरानी करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग सहित संबंधित विभागों को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और उनके मूल्यों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर आवश्यक वस्तुओं की कृत्रिम कमी पैदा कर आम जनता से अधिक कीमत वसूलने की स्थिति नहीं होनी चाहिए। बाजार में मांग और आपूर्ति की स्थिति की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यकता के अनुसार समयबद्ध और प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने सभी जनपदों में प्रशासन को नियमित रूप से बाजारों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आवश्यक वस्तुओं के निर्धारित और प्रचलित बाजार मूल्यों की जांच के साथ उनके स्टॉक की स्थिति पर भी नजर रखी जाए। कालाबाजारी, जमाखोरी या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति अथवा प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक वृद्धि का सीधा असर आम नागरिकों के घरेलू बजट पर पड़ता है। ऐसे में मूल्य नियंत्रण से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी और पारदर्शी बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करते हुए बाजार की स्थिति पर सतत निगरानी रखने को कहा। साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता या अधिक मूल्य वसूली की शिकायत सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *