August 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मानसून के बाद युद्धस्तर पर सुधारी जाएंगी प्रदेश की सड़कें

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेशभर की सड़कों की स्थिति और उनके सुधार को लेकर विस्तृत विचार विमर्श किया गया। बैठक में नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को दुरुस्त करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून समाप्त होते ही प्रदेशभर में सड़क सुधार के कार्य एक साथ युद्धस्तर पर शुरू किए जाएं। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के अधीन आने वाली सड़कों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित उन पुरानी सड़कों को दुरुस्त करने पर भी चर्चा हुई, जिनकी अनुरक्षण अवधि समाप्त हो चुकी है और नियमित रखरखाव नहीं हो पा रहा है। ऐसी सड़कों के सुधार के लिए राज्य सरकार की ओर से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर भी विचार किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून समाप्त होने के बाद सड़क सुधार कार्य शुरू करने में किसी प्रकार का विलंब नहीं होना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग अभी से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करें और निविदा प्रक्रिया समय से पूरी कर लें, ताकि बारिश समाप्त होते ही निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू किए जा सकें। बैठक में शहरी क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए स्थानीय निकायों को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों को सड़क सुधार के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि शहरी क्षेत्रों की सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अक्टूबर से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से भ्रमण करेंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सड़कों के सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों को बेहतर एवं सुगम बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास करने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *