September 30, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नौकर ने भाजपा पार्षद के परिवार को बेहोश कर उड़ाए लाखों के जेवर

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से करीब 25 दिन पहले रखा था घरेलू सहायक, पार्षद की हालत बिगड़ी
देहरादून (उद संवाददाता)। बसंत विहार क्षेत्र में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए घरेलू सहायक रखना भाजपा पार्षद अमिता सिंह के परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि नेपाल निवासी घरेलू सहायक ने रात के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद पार्षद अमिता सिंह, उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। इसी दौरान घरेलू सहायक घर से लाखों रुपये की नकदी और सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। अमिता सिंह की हालत बिगड़ने पर उन्हें सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार अमिता सिंह की बेटी मेघा दिल्ली में रहती हैं। करीब 25 दिन पहले उन्होंने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से नेपाल निवासी एक युवक को घर के कामकाज के लिए रखा था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि घरेलू सहायक को रखने से पहले उसकी पहचान और पुलिस सत्यापन से जुड़े दस्तावेजों की किस स्तर पर जांच की गई थी। पुलिस के मुताबिक घटना की रात घरेलू सहायक ने भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के तीनों सदस्य बेहोश हो गए। आरोप है कि इसके बाद घरेलू सहायक ने घर की अलमारियों से नकदी और सोने चांदी के आभूषण निकाले और फरार हो गया। होश में आने के बाद परिवार को घटना की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बसंत विहार पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पार्षद की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी घरेलू सहायक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। जांच में आरोपी के मोबाइल नंबर और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस घर से गायब नकदी और आभूषणों की कीमत का आकलन कर रही है। साथ ही घटना के दौरान घरेलू सहायक की गतिविधियों और उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *