होटल में भीषण आग,लाखों की संपत्ति राख
आग बुझाने के दौरान एक झुलसा
पिथौरागढ़ (उद संवाददाता)। नगर के छेड़ा क्षेत्र में आइसलैंड के निकट स्थित एक होटल में बुधवार रात करीब नौ बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया और होटल जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग की चपेट में आने से होटल से लगे आइसलैंड में रहने वाला श्याम सिंह भंडारी झुलस गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पिथौरागढ़ लाया गया है। होटल शिव शंकर पंत का बताया गया है। रात के समय होटल में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। आग की लपटें तेजी से उठने के कारण लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना जिला मुख्यालय स्थित अग्निशमन विभाग को दी गई, जिसके बाद लीडिंग फायर इंचार्ज नारायण सिंह मेहरा के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण काफी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल कर्मियों ने आसपास के भवनों और क्षेत्र में आग फैलने से रोकने के लिए भी प्रयास किए। काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाने की कार्रवाई की गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। होटल मालिक शिव शंकर पंत के अनुसार आग से होटल में रखी सामग्री और अन्य संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। उन्होंने बताया कि आग से 40 से 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। आग लगने के दौरान होटल के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। घटना में झुलसे श्याम सिंह भंडारी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस और अग्निशमन विभाग की ओर से घटना के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
