उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल जिलों में देर रात भूकंप के झटके,घरों से बाहर निकले लोग
उत्तरकाशी (उद संवाददाता)। उत्तराखंड के उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल जिलों में रविवार देर रात और तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तरकाशी में 4-2 तीव्रता का तेज भूकंप आने से लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। वहीं टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्र में 2-0 तीव्रता का हल्का भूकंप महसूस किया गया। दोनों जिलों में भूकंप से किसी तरह के जान माल के नुकसान की सूचना नहीं है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी में भूकंप का झटका देर रात करीब 1 बजकर 21 मिनट पर महसूस किया गया। यमुना घाटी और गंगा घाटी समेत जिले के कई क्षेत्रें में लोगों ने तेज कंपन महसूस किया। भूकंप का झटका महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों ने अपने परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों को फोन कर भूकंप के बारे में जानकारी ली। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी में आए भूकंप की तीव्रता 4-2 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। इसका केंद्र बड़कोट तहसील मुख्यालय के निकट राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास बताया गया है। टिहरी गढ़वाल जिले के कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्रें में भी सोमवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार इसकी तीव्रता 2-0 रही और भूकंप का केंद्र करीब पांच किलोमीटर की गहराई में था। हल्के झटके के कारण किसी बड़े प्रभाव की सूचना नहीं है। भूकंप के बाद दोनों जिलों में प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी। प्रशासन के अनुसार अब तक किसी भी क्षेत्र से जान माल के नुकसान या भवनों को क्षति पहुंचने की सूचना नहीं मिली है। उत्तरकाशी में तेज झटका महसूस होने के बाद लोगों में कुछ देर तक अफरा तफरी का माहौल रहा, हालांकि स्थिति सामान्य बनी रही।
