August 10, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सड़क हादसों में दो कांवड़ियो की मौत, तीन बहे

हरिद्वार। कांवड़ मेले के अंतिम चरण में डाक कांवड़ियों की बढ़ती रफ्रतार के बीच रुड़की-मंगलौर बाईपास नेशनल हाईवे पर बीती शाम दो सड़क हादसों में एक शिवभक्त कांवड़िए की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक कांवड़िए को अस्पताल ले जाया गया।जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि दोपहिया वाहन सवार एक अन्य शिवभक्त घायल हो गया।पहला और सबसे दर्दनाक हादसा रुड़की- मंगलौर बाईपास हाईवे पर ढंढेरी ख्वाजागीपुर गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कोर कॉलेज से मंगलौर की ओर जाने वाले हाईवे पर कांवड़ लेकर जा रहे दो शिवभक्तों की मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं।हादसे में बुलेट सवार शिवभक्त की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे कांवड़िए को गंभीर चोटें आई जिसे अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट सवार कई फीट ऊपर हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली रुड़की पुलिस मौके पर पहुंची।वहीं दूसरा हादसा भी इसी घटनास्थल के पास रिकझिम ढाबे के पास हुआ। यहां कार और स्कूटी की भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस घायल की पहचान और नाम-पते की जानकारी जुटा रही है। हादसे में शामिल दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। दरअसल, कांवड़ मेला अब अपने अंतिम चरण में है और हाईवे पर बड़ी संख्या में डाक कांवड़िए तेज रफ्रतार से अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। लगातार बढ़ती भीड़ और वाहनों की तेज रफ्रतार के कारण हाईवे पर यातायात का दबाव भी बढ़ गया है। लगातार सामने आ रहे हादसों को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने शिवभक्तों से अपील की है कि वाहन तेज गति से न चलाए। साथ ही यातायात नियमों का पालन करें। उधर, देहरादून के रायवाला क्षेत्र में गीता कुटीर घाट के समीप घाट पर स्नान कर रहा सिकंदरपुर, भवानी खेड़ा, जिला भिवानी, हरियाणा निवासी कांवड़ यात्री आशु गंगा में डूबकर लापता हो गया। वह हरियाणा से 30 सदस्यीय कांवड़ यात्रियों के साथ शुक्रवार को हरिद्वार आया था। हरकी पैड़ी क्षेत्र में दो कांवड़ यात्री डूबकर लापता हो गए। एक कांवड़ यात्री की पहचान नहरा, सीतामढ़ी बिहार निवासी सुंदरम सिंह के रूप में हुई, जबकि दूसरे का पता नहीं चल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *