नितिन नवीन का बड़ा बयान: उत्तराखण्ड में पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ेगी भाजपा
यूपी में योगी पर भरोसा कायम, धामी को बताया ऊर्जावान और प्रभावी नेता, विकास और सुशासन को बनाया चुनावी एजेंडा
देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में अपने नेतृत्व को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक विस्तृत साक्षात्कार में कहा कि राज्य में चुनाव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। उनके इस बयान से यह साफ संकेत मिल गया है कि पार्टी आगामी चुनावों में नेतृत्व परिवर्तन के किसी भी कयास को खारिज करते हुए वर्तमान मुख्यमंत्री पर ही भरोसा जताने जा रही है। नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री धामी की कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि धामी एक ऊर्जावान, युवा और दूरदर्शी नेता हैं, जिन्होंने कम समय में ही प्रदेश में विकास कार्यों को नई दिशा दी है। उनके नेतृत्व में सरकार ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है।उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा हमेशा से विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देती आई है और उत्तराखंड में भी यही एजेंडा आगे बढ़ाया जा रहा है। धामी सरकार ने बुनियादी ढांचे के विकास, रोजगार सृजन, पर्यटन को बढ़ावा देने और निवेश आकर्षित करने जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिससे प्रदेश की छवि एक प्रगतिशील राज्य के रूप में मजबूत हुई है।राज्य की भौगोलिक और प्रशासनिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि हर सरकार को समय-समय पर कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन भाजपा ऐसी पार्टी है जो चुनौतियों से पीछे हटने के बजाय उनका समाधान निकालने में विश्वास रखती है। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि उत्तराखंड में भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड विकास और जनसेवा का रहा है, जो आगामी चुनावों में पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बनेगा। साक्षात्कार के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या आगामी चुनावों में भी मुख्यमंत्री चेहरा धामी ही होंगे, तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वर्तमान में सरकार उनके नेतृत्व में सफलतापूर्वक चल रही है और ऐसे में नेतृत्व को लेकर किसी प्रकार का कोई संशय नहीं है। पार्टी पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। इसके साथही उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति पर भी बात करते हुए कहा कि वहां मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के नेतृत्व में सरकार प्रभावी ढंग से कार्य कर रही है और आगामी चुनाव भी उनके नेतृत्व में ही लड़े जाएंगे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा द्वारा दोनों राज्यों में नेतृत्व को लेकर स्पष्टता दिखाना एक सोची-समझी रणनीति है। इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा और मतदाताओं के बीच स्थिरता तथा भरोसे का संदेश जाएगा।कुल मिलाकर, भाजपा ने उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ही अपना प्रमुख चेहरा बनाकर चुनावी मैदान में उतरने का संकेत दे दिया है, जिससे प्रदेश की राजनीति में नई हलचल तेज हो गई है।
