October 18, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सीएम धामी से मिले अभिनेता अक्षय कुमार: मसूरी और लंढौर क्षेत्र में फिल्म ‘समुक’ की शूटिंग कर रहे हैं

उत्तराखंड की फिल्म नीति पर हुई चर्चा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध भौगोलिक परिस्थितियां और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं। बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से राज्य की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से लागू उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही प्रदेश में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है, जिससे अधिक से अधिक फिल्म निर्माताओं को उत्तराखंड में शूटिंग के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ने से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिल रहा है। फिल्मों के माध्यम से उत्तराखंड के प्राकृतिक स्थलों, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं को व्यापक पहचान मिलती है। इससे राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है। अक्षय कुमार की उत्तराखंड में शूटिंग को भी प्रदेश के फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभरने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य सरकार फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने और फिल्म निर्माताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयासरत है।

फिल्म ‘समुक’ की शूटिंग कर रहे हैं,2022 में  फिल्म ‘कठपुतली’ की शूटिंग के लिए मसूरी और देहरादून आए थे
अक्षय कुमार इन दिनों साइंस-फिक्शन सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म ‘समुक’ की शूटिंग कर रहे हैं। फिल्म के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह हैं, जबकि निर्देशन कनिष्क वर्मा कर रहे हैं। फिल्म का ब्रिटेन शेड्यूल हाल ही में पूरा हुआ है। इसे 2027 में रिलीज करने की योजना है।
इससे पहले भी अक्षय कुमार मसूरी में शूटिंग कर चुके हैं। अक्षय कुमार मई 2023 में उत्तराखंड आए थे। उस दौरान उन्होंने फिल्म ‘शंकरा’ की शूटिंग के लिए रुड़की और आसपास के इलाकों का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की थी। उन्होंने देहरादून में सीएम पुष्कर सिंह धामी से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात भी की थी। इससे पहले 18 फरवरी 2022 में वह फिल्म ‘कठपुतली’ की शूटिंग के लिए मसूरी और देहरादून आए थे। बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार इन दिनों पहाड़ो की रानी मसूरी में अपनी फ़िल्म की शूटिंग कर रहे हैं, फ़िल्म की शूटिंग देखने भारी भीड़ उमड़ रही है, मसूरी में बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार की तबीयत बिगड़ गई थी। उनकी पीठ में खिंचाव आने और ठंड के कारण दर्द होने की बात सामने आई थी। इसके बाद उन्हें देहरादून के राजपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में ठहराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। फिलहाल अक्षय कुमार मसूरी के होटल सवॉय में ठहरे हुए हैं। अक्षय कुमार की टीम के अनुसार, मसूरी के लाइब्रेरी चौक पर शूटिंग के दौरान अचानक उनकी पीठ में दर्द उठा, जिसके बाद शूटिंग रोकनी पड़ी। वह मंगलवार को दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए कार से उत्तराखंड पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *