देवखड़ी नाले में तीन चेक डैम बनाने और कल्सिया और रकसिया के चौनेलाइजेशन के दिए निर्देश
हल्द्वानी।आगामी मानसून के दृष्टिगत सुरक्षात्मक तैयारियों को लेकर आज देवखड़ी, कल्सिया और रकसिया नाले का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता और जिला खान अधिकारी सहित खनन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। टीम द्वारा तीनों नालों का सूक्ष्मता से निरीक्षण करते हुए संवेदनशील स्थलों को चिन्हित किया गया और बाढ़ सुरक्षा हेतु आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि देवखड़ी नाले के शुरुआती स्थान पर ही तीन अलग अलग स्थानों पर चेक डैम बनाना अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही नाले का चौनेलाइजेशन किया जाना भी जरूरी है ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके। चूंकि यह नाला इन स्थानों पर वन प्रभाग रामनगर के अंतर्गत आता है, इसलिए संबंधित वन प्रभाग और सिंचाई विभाग को इस संबंध में तत्काल कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है।इसके अतिरिक्त राजस्व भूमि के अंतर्गत आने वाले रकसिया नाले में रिवर ड्रेजिंग नीति के तहत प्रक्रिया गतिमान है, जिससे मानसून से पूर्व सिल्ट की सफाई सुनिश्चित की जा सके। वहीं कल्सिया नाले के सुदृढ़ीकरण हेतु भी सिंचाई विभाग और वन विभाग को आपसी समन्वय के साथ चौनेलाइजेशन का कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मानसून आने से पूर्व इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाएगा ताकि आपदा की स्थिति में जान माल के नुकसान को रोका जा सके। इस दौरान संबंधित विभागों के अधीनस्थ कर्मचारी और स्थानीय राजस्व निरीक्षक भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
