October 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

70 सीटों पर बूथ मजबूत करने का मंत्र : बैठक में धामी समेत भाजपा के कई राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय दिग्गज जुटे

काशीपुर। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात बिछाने में जुटी भाजपा ने काशीपुर से मिशन-2027 की तैयारियों को धार दी। बाजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित दो दिवसीय प्रदेश विधानसभा विस्तारक एवं प्रभारी वर्ग के दूसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत भाजपा के कई राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय दिग्गज जुटे। प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, पूर्णकालिक विस्तारकों की तैनाती और चुनाव प्रबंधन को लेकर गहन मंथन किया गया। दो दिवसीय कार्यशाला में भाजपा का पूरा फोकस विधानसभा चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर संगठन की पकड़ और मजबूत करने पर रहा। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित वरिष्ठ नेताओं ने विस्तारकों को चुनाव प्रबंधन के साथ बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने के गुर बताए। कार्यशाला में प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए संगठनात्मक तैयारियों और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। भाजपा ने विधानसभा चुनाव से काफी पहले ही विस्तारकों को मैदान में उतारने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी की योजना प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी के साथ बूथ स्तर की वास्तविक स्थिति का आकलन कर कमजोर कड़ियों को मजबूत करने की है। इसके लिए पूर्णकालिक विस्तारकों की भूमिका को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यशाला में विस्तारकों को बूथ प्रबंधन से लेकर संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यशाला के पहले दिन 13 अक्टूबर को प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं ने प्रतिभाग किया। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया।


दिनभर चले अलग-अलग सत्रों में मिशन-2027 को लेकर मंथन हुआ और विस्तारकों को चुनावी तैयारियों के लिए आवश्यक टिप्स दिए गए। दूसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पहुंचने के साथ कार्यशाला में चुनावी तैयारियों को और धार दी गई। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में संगठन की आगामी रणनीति, विधानसभा क्षेत्रों में विस्तारकों की भूमिका और बूथ स्तर की तैयारियों पर चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं और विस्तारकों को अभी से चुनावी मोड में उतरकर संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, राष्ट्रीय नेता अरविंद मेनन, सांसद बांसुरी स्वराज, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल व कुंदन परिहार, पूर्व सांसद बलराज पासी, गदरपुर विधायक अरविंद पांडे, रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा, पीसीयू अध्यक्ष राम मेहरोत्रा सहित उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पार्टी पदाधिकारी और नेता मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति और अपर पुलिस अधीक्षक काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। भाजपा की दो दिवसीय कार्यशाला में सबसे अधिक जोर बूथ स्तर की मजबूती पर रहा। पार्टी का मानना है कि विधानसभा चुनाव में बूथ प्रबंधन निर्णायक भूमिका निभाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विस्तारकों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की स्थिति का आकलन करने, कार्यकर्ताओं से समन्वय बढ़ाने और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। मिशन-2027 के तहत पार्टी प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर अपनी चुनावी तैयारियों को मजबूत करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *