October 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

स्कूल बस का इंतजार कर रही मासूम को कार ने रौंदा,मौत

सड़क हादसे में बाईक सवार मुनीम की मौत

काशीपुर (उद संवाददाता)। थाना आईटीआई क्षेत्र के नंदरामपुर मोड़ पर मंगलवार सुबह स्कूल बस का इंतजार कर रही पांच वर्षीय मासूम बच्ची को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतका की पहचान छाया पुत्री संजय, निवासी ग्राम नंदरामपुर, थाना आईटीआई के रूप में हुई है। बताया गया कि छाया नर्सरी कक्षा में पढ़ती थी। वह रोज की तरह मंगलवार सुबह घर के पास सड़क किनारे स्कूल बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान बाजपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद फरार हुए कार चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन और चालक की तलाश की जा रही है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। आज मंगलवार की प्रातः किच्छा बाईपास मार्ग पर ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाईक सवार गल्ला मंडी की आढ़त के मुनीम की दर्दनाक मौत हो गई। उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने चिकित्सालय पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। घटना से गल्ला मंडी परिसर में शोक की लहर व्याप्त हो गई। जानकारी के अनुसार दूधियानगर निवासी 45 वर्षीय रामकिशोर पुत्र डालचन्द गल्ला मंडी में भगवती इंटरप्राईजेज आढ़त में मुनीम के रूप में काम करता था। बताया जाता है कि आज प्रातः वह काशीपुर बाईपास रोड़ पर एक मिल में धान का सेंम्पल लेकर गया था और वहां से बाईक पर सवार होकर आढत़ पर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह मिल से बाहर निकला अचानक तेज गति से आती ट्रैक्टर ट्राली चालक ने उसे पीछे से टक्कर मार दी और वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया। इस घटना में मुनीम रामकिशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर कई आ़ढती व रामकिशोर के परिजन आ पहुंचे उसे उपचार के लिए तत्काल निजी चिकित्सालय ले जाया गया जहां उसकी हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे जिला चिकित्सालय ले गये जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया वहीं गल्ला मंड़ी में शोक की लहर व्याप्त हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *