बोर्ड परीक्षा में सफल मेधावियों को राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी बधाई
देहरादून । उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.)गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी सफल छात्र छात्रओं को हार्दिक बधाई दी है। दोनों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने अपने संदेश में कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और समर्पण का सार्थक परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके माता-पिता, अभिभावकों और शिक्षक समुदाय को भी विशेष रूप से बधाई दी, जिनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से छात्र इस मुकाम तक पहुंचे हैं। राज्यपाल ने उन विद्यार्थियों का भी उत्साहवर्धन किया जिन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि जीवन में असफलता अंत नहीं है, आत्मविश्वास और नई ऊर्जा के साथ पुनः प्रयास करने पर सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी परीक्षा में सफल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता उनके निरंतर परिश्रम और अटूट संकल्प का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि विद्यार्थी इसी लगन के साथ अपने सपनों को साकार करेंगे और जीवन में नई ऊंचाइयों को छुएंगे। उन्होंने विशेष रूप से उन छात्रें को सांत्वना दी जिनका परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे विद्यार्थी धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ सतत प्रयास जारी रखें, वे निश्चित रूप से सफल होंगे। उन्होंने परीक्षा में सफलता पाने वाले बच्चों के परिजनों को भी अपनी ओर से शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
