Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

टिहरी में मेडिकल कॉलेज स्थापना पर सरकार गंभीर

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल तथा टिहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोर उपाध्याय ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान टिहरी जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनभावनाओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप इस दिशा में सकारात्मक एवं ठोस कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी जैसे भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण और संवेदनशील जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही यह संस्थान गढ़वाल मंडल के स्वास्थ्य ढांचे को भी मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा दूरस्थ, पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा अवसंरचना के विकास, मेडिकल और नर्सिंग शिक्षा के विस्तार, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन हुए हैं। आयुष्मान भारत योजना, स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों का विस्तार, दूरस्थ चिकित्सा सेवाओं को बढ़ावा तथा चिकित्सा शिक्षा संस्थानों की संख्या में वृद्धि जैसे प्रयासों से आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। राज्य सरकार इन प्रयासों को और गति देते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने मुख्यमंत्री को टिहरी जनपद की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं, चिकित्सा शिक्षा के विस्तार तथा मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जुड़े प्रस्तावों और संभावनाओं की जानकारी दी। विधायक किशोर उपाध्याय ने भी टिहरी क्षेत्र की जनभावनाओं से अवगत कराते हुए मेडिकल कॉलेज की स्थापना को क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता बताया। ?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *