Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सरकार जनता के द्वार पहुंचा रही समाधानः धामी

सहसपुर में सेवा, सुशासन, समर्पण ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी
ण्देहरादून (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वाेपरि है और सरकार का दायित्व पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता तथा समर्पण के साथ जनकल्याण के लिए कार्य करना है। इसी सोच के साथ राज्य सरकार ने ‘जन जन की सरकार, जन जन के द्वार’ अभियान शुरू किया, जिसके माध्यम से अब जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, बल्कि सरकार स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। सहसपुर में आयोजित सेवा, सुशासन और समर्पण पखवाड़ा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि शासन की कार्य संस्कृति में बदलाव का प्रतीक है। सरकार ने यह संकल्प लिया है कि शासन सचिवालय और कार्यालयों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं का समाधान करेगा। उन्होंने कहा कि यही वास्तविक सुशासन, सेवा और समर्पण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटता था, जबकि आज अधिकारी स्वयं गांवों और कस्बों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनका निस्तारण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले जनता सरकार को खोजती थी, अब सरकार जनता को खोजते हुए उनके द्वार तक पहुंच रही है। यही सरकार की नई कार्यशैली है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘जन जन की सरकार, जन जन के द्वार’ अभियान के पहले चरण में प्रदेशभर में लगभग 65 दिनों तक 700 से अधिक शिविर आयोजित किए गए, जिनमें छह लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की। इन शिविरों के माध्यम से 39 हजार से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने सरकार और जनता के बीच की दूरी को समाप्त करने का कार्य किया है तथा यह साबित किया है कि सरकार केवल फाइलों पर नहीं, बल्कि जनता के बीच जाकर निर्णय लेने में विश्वास करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में प्रदेशभर में चल रहे सेवा, सुशासन और समर्पण पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित शिविरों में हजारों लोग लाभान्वित हो चुके हैं। एक ही स्थान पर 23 विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों को विभिन्न प्रमाण पत्र, पेंशन, स्वास्थ्य, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरलता से मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शिविरों में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल शिकायत दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और जनता का विश्वास मजबूत करने का आ“वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के रोजगार और गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्रत्येक योजना का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, विनय रूहेला, पुनीत मित्तल, धीरेन्द्र पवार, ओमवीर राघव, भुवन विक्रम डबराल, भाजपा जिलाध्यक्ष मीता सिंह, हरबर्टपुर पालिकाध्यक्ष नीरू देवी, अर्चना रावत, स्वराज विध्वान, नवीन ठाकुर, जिलाधिकारी आशीष चौहान, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, अभिनव शाह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *