रुद्रपुर में गढ़वाल की युवती से गैंगरेप : तीन युवकों ने किया अपहरण, दुष्कर्म के बाद झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए
पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही, मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर। शनिवार रात हुई सामूहिक दुष्कर्म की वारदात ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि तीन युवक एक 19 वर्षीय युवती को जबरन बाइक पर बैठाकर भूरारानी रोड से गदरपुर की ओर ले गए। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी युवती को मुख्य सड़क और हाईवे से कई किलो मीटर तक अपने साथ ले जाते रहे, लेकिन कोई भी उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। इसके बाद आरोपी युवती को हाईवे के पास ही जंगल में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद रविवार सुबह ओमेक्स रेलवे अंडरपास के पास झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से उत्तराखण्ड के ही गढ़वाल निवासी युवती रुद्रपुर में किराये पर रहकर सिडकुल की एक कंपनी में नौकरी करती है। शनिवार रात वह अपनी सहेली और दो युवकों के साथ भूरारानी रोड क्षेत्र में गई थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने जबरन दोनों युवकों और दोनों युवतियों को अपनी बाइक पर बैठा लिया। रास्ते में एक युवक और एक युवती चलती बाइक से कूदकर किसी तरह जान बचाने में सफल रहे, जबकि दूसरी युवती को आरोपी अपने साथ ले गए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे गदरपुर क्षेत्र के जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद रविवार सुबह उसे बदहवास हालत में ओमेक्स रेलवे अंडरपास के पास झाड़ियों में छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने युवती को बरामद कर मेडिकल परीक्षण कराया और उसके बयान दर्ज किए। घटना की गंभीरता को देखते हुए रविवार को फॉरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक नमूने एकत्र किए। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना के समय क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल नंबरों का भी तकनीकी विश्लेषण कराया जा रहा है। पुलिस पीड़िता और संदिग्धों की मोबाइल लोकेशन के साथ-साथ उस समय घटनास्थल के आसपास सक्रिय अन्य मोबाइल नंबरों का डेटा भी खंगाल रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्य आरोपियों तक पहुंचने में अहम कड़ी साबित हो सकते हैं। सीओ रुद्रपुर विश्वजीत सैनी ने बताया कि तीन आरोपियों के खिलाफ अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।


