केदारनाथ धाम और गंगोत्री धाम में बर्फबारी, ठंड बढ़ने के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह
रुद्रप्रयाग/उत्तरकाशी । केदारनाथ धाम में गुरुवार सुबह हुई बर्फबारी से बाबा केदार की नगरी बर्फ की सफेद चादर में लिपट गई। बर्फबारी के बाद धाम का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया। बर्फ से ढके मंदिर और आसपास की पहाड़ियों को देखकर श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। कई श्रद्धालु इस मनमोहक दृश्य को अपने कैमरों में कैद करते दिखे, जबकि कुछ ने सेल्फी लेकर इन यादगार पलों को संजोया। हालांकि, बर्फबारी के साथ ही धाम में ठंड भी बढ़ गई है। उधर, रुद्रप्रयाग जनपद के निचले इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदला रहा। जिला मुख्यालय के साथ ही ऊखीमठ, गुप्तकाशी, जखोली और बसुकेदार क्षेत्र में सुबह से बादल छाए रहेऔर हल्की बारिश हुई। इसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पहाड़ी क्षेत्रें में मौसम के बदले मिजाज से ठंड का असर बढ़ गया है। केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए 11 नवंबर को बंद होने हैं। कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के साथ ही बाबा के दर्शन के लिए आवाजाही जारी है। बर्फबारी और बढ़ती ठंड के बावजूद भक्तों के उत्साह में कमी नहीं आई है। यात्रा सीजन में अब तक 18 लाख 53 हजार से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। बुधवार को 8,376 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। गंगोत्री धाम में भी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के चलते धाम और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रें में ठंड बढ़ गई है। सफेद बर्फ से ढकी पहाड़ियां और धाम का दृश्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ऊंचाई वाले क्षेत्रें में मौसम के बदलाव के साथ सर्दी का असर बढ़ने लगा है।


