कांग्रेस चुनाव आयोग को लेकर एक नैरेटिव बनाने का प्रयास कर रही : धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित प्रेसवार्ता में चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव आयोग को लेकर एक नैरेटिव बनाने और लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसके संबंध में उठाए जाने वाले सवाल तथ्यों पर आधारित होने चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के तीनों आयुक्तों ने स्पष्ट किया है कि 24 जून 2025 को विशेष गहन पुनरीक्षण का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया था। धामी ने कहा कि आयोग के इस निर्णय को मतभेद के रूप में प्रस्तुत करना उचित नहीं है।मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन उनके अनुसार कांग्रेस लगातार हर मुद्दे पर गलत दावे कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास ठोस मुद्दों की कमी है और वह जनता का विश्वास खो चुकी है।धामी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर रहते हुए उनसे अपेक्षित गंभीरता दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी चुनावी हार की जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय कभी म्टड और कभी संवैधानिक संस्थाओं को जिम्मेदार ठहराने की आदत हो गई है। मुख्यमंत्री ने हल्द्वानीे की घटना का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर उसे जातीय रंग देने और समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की रही है तथा हर मुद्दे को जातीय नजरिए से देखना उचित नहीं है।धामी ने कांग्रेस के पूर्व शासनकाल को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल की पहचान विकास की तुलना में घोटालों और भ्रष्टाचार के आरोपों से अधिक जुड़ी रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारें और समय भले बदल गए हों, लेकिन कांग्रेस के पुराने कार्यों को लेकर लोगों की स्मृतियां आज भी बनी हुई हैं। प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग की संवैधानिक भूमिका, एसआईआर को लेकर उठाए जा रहे सवालों और कांग्रेस की राजनीतिक प्रतिक्रिया सहित विभिन्न मुद्दों पर अपनी सरकार का पक्ष रखा।
