Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हादसे में दंपति समेत मासूम की मौत

हरिद्वार (संवाददाता)। श्यामपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली से स्कूटी टकराने के कारण दंपति और उनके पांच वर्षीय पोते ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम गाजीवाली निवासी 52 वर्षीय वीर सिंह अपनी पत्नी 50 वर्षीय मंजू देवी और पांच वर्षीय पोते शिवा सिंह के साथ स्कूटी से हरिद्वार से घर लौट रहे थे। बताया गया है कि वीर सिंह और मंजू देवी हरकी पैड़ी क्षेत्र में दुकान संचालित करते थे। मंगलवार रात दुकान बंद करने के बाद वे अपने पोते के साथ घर के लिए निकले थे। इसी दौरान श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर पर उनकी स्कूटी सड़क घेरकर खड़ी एक ट्रैक्टर ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उक्त ट्रैक्टर ट्रॉली की कुछ समय पहले एक अन्य स्कूटी से भी टक्कर हुई थी। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि अंधेरा होने के कारण फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली स्पष्ट दिखाई नहीं दी, जिससे यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्रधिकारी अवनी तिवारी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गाजीवाली गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *