दिल्ली में केन्द्रीय नेताओं से मिले सीएम धामी
नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में आयोजित केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लिखित पुस्तक ‘अपनापन नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’ के विमोचन समारोह में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में पूर्व उपराष्ट्रपति एम- वेंकैया नायडू, पूर्व प्रधानमंत्री एच-डी- देवेगौड़ा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर कई समसामयिक विषयों पर चर्चा भी की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लिखित यह पुस्तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके आत्मीय अनुभवों, कार्यशैली और प्रेरणादायी नेतृत्व को बेहद भावपूर्ण एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हो रहा है और उनकी कार्यशैली करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक पाठकों को प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व और नेतृत्व शैली को करीब से समझने का अवसर प्रदान करेगी। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
