नदी में गिरी चारधाम यात्रियों की कार,पांच घायल
कार में बंगाल के पांच यात्राी थे सवार, दो महिलाएं गंभीर घायल
रुद्रप्रयाग (संवाददाता)। चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की एक कार रविवार सुबह तिलवाड़ा क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरी। वाहन में सवार पांचों यात्रियों को पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य राहत एजेंसियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जबकि चालक सहित तीन अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के निकट एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नदी की ओर जा गिरी है। सूचना मिलते ही चौकी तिलवाड़ा और कोतवाली अगस्त्यमुनि से पुलिस टीम आवश्यक राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। साथ ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमों को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दुर्घटना ग्रस्त वाहन महिंद्रा एक्सयूवी 700 संख्या यूपी 16 डीके 0856 था, जिसमें पांच यात्राी सवार थे। सभी यात्राी पश्चिम बंगाल से केदारनाथ धाम की यात्रा पर जा रहे थे। दुर्घटना के बाद वाहन नदी किनारे पानी में फंस गया था। राहत एवं बचाव टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि दो महिला यात्रियों को हाथ पैर में फ्ैक्चर सहित गंभीर चोटें आई हैं। चालक सहित अन्य तीन यात्रियों को भी चोटें लगी हैं। सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों में प्रिंस सिंह (30) निवासी पलामू, झारखंड, सभीमा सिंह (28) निवासी पश्चिम बंगाल, सुजोन मुखर्जी (27) निवासी राजगंज, जलपाईगुड़ी, ऋजा मुखर्जी (30) निवासी राजगंज, जलपाईगुड़ी तथा वाहन चालक प्रदीप कुमार (35) निवासी औरैया, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। पुलिस और राहत एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई के चलते सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
