Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सेल्फी लेते समय गंगा में बहा पर्यटक: एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी

पत्नी और बेटी के सामने हुआ हादसा
ऋषिकेश (संवाददाता)। कौड़ियाला क्षेत्र में गंगा किनारे सेल्फी लेना एक पर्यटक को भारी पड़ गया। गाजियाबाद निवासी एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर गंगा नदी के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडी आरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक पर्यटक का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस के अनुसार गाजियाबाद और फरीदाबाद से दो परिवार उत्तराखंड घूमने आए थे। दोनों परिवार कौड़ियाला स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। शनिवार शाम सभी लोग होटल के समीप गंगा घाट पर घूमने और फोटो खिंचवाने पहुंचे थे। इसी दौरान गाजियाबाद निवासी 43 वर्षीय आशीष जैन परिवार के साथ गंगा किनारे सेल्फी ले रहे थे। बताया जा रहा है कि सेल्फी लेने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह सीधे गंगा के तेज बहाव में जा गिरे। नदी का बहाव अधिक होने के कारण उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और देखते ही देखते वह पानी में बह गए। घटना उनकी पत्नी और मासूम बेटी के सामने हुई, जिससे परिवार में चीख पुकार मच गई। होटल कर्मचारी उपेंद्र राणा ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद बछेलीखाल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ को भी बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीम ने अंधेरा होने के बावजूद गंगा नदी में राफ्ट उतारकर सर्च अभियान शुरू किया। पुलिस और राहत बचाव दल नदी के बहाव वाले क्षेत्र में लगातार खोजबीन कर रहे हैं। चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल ने बताया कि लापता पर्यटक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है। परिवार के अन्य सदस्य और रिश्तेदार ऋषिकेश पहुंच रहे हैं। पुलिस के अनुसार आशीष जैन गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। घटना के बाद परिवार और साथ आए पर्यटकों का रो रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *