Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

‘ऑपरेशन शेरोवाली’ में अल्मोड़ा का लाल लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी देश के लिए शहीद

राजौरी में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान दिया सर्वाेच्च बलिदान
अल्मोड़ा (संवाददाता)। जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी भारतीय सेना के युवा अधिकारी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी शहीद हो गए। उनकी शहादत की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सेना के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले के मंजाकोट क्षेत्र में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन शेरोवाली’ में तैनात थे। अभियान के दौरान वह अपने दल के साथ घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान वह एक गहरी खाई में गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी जवानों ने तत्काल उन्हें सुरक्षित निकालकर चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त कर ली। सेना के अनुसार जिस क्षेत्र में अभियान चलाया जा रहा था वह अत्यंत दुर्गम और चुनौतीपूर्ण है। घने जंगल, खड़ी चट्टानें, ऊबड़ खाबड़ रास्ते और प्रतिकूल मौसम के कारण अभियान को संचालित करना बेहद कठिन था। क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना के बाद पिछले कई दिनों से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर ने लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। सेना ने कहा कि देश की सुरक्षा और कर्तव्य पालन के दौरान दिया गया उनका सर्वाेच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। सेना के प्रवक्ता के अनुसार शहीद अधिकारी का पार्थिव शरीर जम्मू एयरफोर्स स्टेशन लाया जाएगा, जहां सेना और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद पार्थिव शरीर को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक जनपद अल्मोड़ा भेजा जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। शहीद की वीरता और समर्पण को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र उनकी सेवा और बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। अल्मोड़ा जिले में शहीद की खबर पहुंचने के बाद लोगों में शोक व्याप्त है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शहीद को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा कि सैन्यभूमि उत्तराखंड के वीर सपूत, अल्मोड़ा निवासी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी जी ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान मातृभूमि की सेवा करते हुए सर्वाेच्च बलिदान दिया है। माँ भारती की सेवा के प्रति उनका समर्पण, अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *