एनएसजी कमांडो राहुल जग्गी को अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि
अगस्त्यमुनि। दशज्यूला क्षेत्र के जग्गी काण्डई निवासी एवं राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) में कार्यरत वीर जवान राहुल जग्गी के निधन की दुखद सूचना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर मिलते ही पैतृक गांव जग्गी काण्डई सहित पूरे दशज्यूला क्षेत्र में मातम पसर गया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए आज कनखल, हरिद्वार में सैन्य सम्मान के साथ सम्पन्न हुए उनके अंतिम संस्कार में शामिल होकर दिवंगत पुण्यात्मा को विनम्र श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि अर्पित की। बताया जा रहा है कि राहुल जग्गी वर्तमान में दिल्ली में एनएसजी कमांडो के रूप में तैनात थे और देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, साहस और राष्ट्रसेवा के जज्बे की क्षेत्र में हमेशा सराहना होती रही। उनके असामयिक निधन को क्षेत्र और समाज के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। दशज्यूला निवासी एवं जिला पंचायत सदस्य सारी जयवर्धन काण्डपाल ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राहुल जग्गी ने अपने साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा से पूरे दशज्यूला क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया। उनका निधन न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि राहुल जग्गी क्षेत्र के होनहार और वीर सपूत थे। देश की सुरक्षा में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उनका असमय जाना सभी के लिए अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, पूर्व विधायक मनोज रावत एवं उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने दशज्यूला क्षेत्र के जग्गी काण्डई निवासी एवं एनएसजी कमांडो राहुल जग्गी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।उन्होंने कहा कि राहुल जग्गी एक साहसी, कर्तव्यनिष्ठ और देशभक्त जवान थे, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए समर्पित भाव से सेवा की। उनका असमय निधन पूरे क्षेत्र और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि राहुल जग्गी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत थे और उनकी उपलब्धियों पर पूरे क्षेत्र को गर्व था। उनके निधन की खबर से हर कोई स्तब्ध है। लोगों ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

