Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

फलों और सब्जियों में अप्राकृतिक रंगों की मिलावट रोकने को चला अभियान

रुद्रपुर । आयुक्त खाद्य संरक्षा औषधि प्रशासन उत्तराखण्ड सचिन कुर्वे के निर्देशों के अनुपालन में जनपद ऊधम सिंह नगर में फलों और सब्जियों में अप्राकृतिक रंगों तथा कृत्रिम पकाने वाले रसायनों के प्रयोग की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया। चार मई 2026 को सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी ललित मोहन पाण्डे के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा साह और खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा नियम विनियम 2011 के अंतर्गत सर्विलांस नमूना संग्रहण की कार्यवाही की गई। अभियान के तहत रुद्रपुर शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों से आम, सेब, अमरूद और गाजर के कुल पांच सर्विलांस नमूने लिए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी। विभाग की टीम द्वारा अब तक जनपद से कुल उन्नीस नमूने लिए जा चुके हैं, जिनमें तेरह फलों और छह सब्जियों के नमूने शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान फल एवं सब्जी आढ़तियों को सख्त निर्देश दिए गए कि फलों को पकाने में किसी भी प्रकार के कृत्रिम रसायनों का प्रयोग न करें और सब्जियों में अप्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल न किया जाए। उन्हें यह भी निर्देशित किया गया कि केवल खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत एथिलीन रिपनर का ही उपयोग करें और किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित कैल्शियम कार्बाइड का प्रयोग न करें। विभाग ने आमजन से अपील की है कि बाजार में पहले से कटे हुए फल और सब्जियां न खरीदें, क्योंकि उनके दूषित होने की संभावना रहती है। साथ ही घर पर लाए गए फलों और सब्जियों को अच्छी तरह धोकर ही उपयोग में लाने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार के रसायन या रंग के अवशेष हटाए जा सकें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दिए गए निर्देशों का पालन न करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान दल में सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी ललित मोहन पाण्डे, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा साह और खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। यह विशेष अभियान जनहित में आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *