Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गायन प्रतियोगिता के ऑडिशन में बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन

रुद्रपुर । लोक रचना समिति द्वारा आयोजित स्कूली बच्चों की गायन प्रतियोगिता के ऑडिशन में शहर और आसपास के विभिन्न विद्यालयों से आए 110 बच्चों ने भाग लेकर अपनी मधुर आवाज से सभी का मन मोह लिया। होटल अंबर में आयोजित इस ऑडिशन में प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ मंच पर प्रस्तुति दी, जिससे कार्यक्रम का वातावरण संगीत से सराबोर हो गया। ऑडिशन के बाद तीनों वर्गों से कुल 30 प्रतिभागियों का चयन सेमीफाइनल के लिए किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एमेनिटी स्कूल के प्रबंध निदेशक सुभाष अरोरा, विशिष्ट अतिथि शील चन्द्र ग्रुप के प्रबंध निदेशक शुभल गोयल, वरिष्ठ उद्योगपति अशोक अदलखा और लोक रचना समिति के संयोजक केवल कृष्ण बतरा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुभाष अरोरा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि लोक रचना समिति कई वर्षों से इस प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता से निकली कई प्रतिभाएं इंडियन आइडल जैसे राष्ट्रीय स्तर के मंचों तक पहुंचकर अपनी पहचान बना चुकी हैं और यह शहर के लिए गर्व की बात है। प्रतियोगिता का आयोजन सीनियर, जूनियर और सब जूनियर तीन वर्गों में किया गया। विख्यात गायिका स्वर्गीय आशा भोसले को समर्पित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने च्वाइस राउंड में वाद्य यंत्रों के साथ शानदार प्रस्तुतियां देकर निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया। ऑडिशन की निर्णायक सुजाता नारंग और शैली बंसल ने प्रतिभागियों की आवाज, सुर और प्रस्तुति के आधार पर सेमीफाइनल के लिए चयन किया। सीनियर वर्ग से डीपीएस स्कूल की वृंदा, गुरमान सिंह, आरएएन स्कूल के वियान फुटेला, स्टोन रिज स्कूल की इशिका, जेपीएस स्कूल के ध्रुव और साई जोशी, एमेनिटी स्कूल की परिधि और अदिति, हरदेव म्यूजिक एकेडमी के जय तथा श्री गुरुनानक इंटर कॉलेज की पीहू को सेमीफाइनल के लिए चुना गया। जूनियर वर्ग से आरएएन स्कूल की मिष्ठी, वंशिका जोशी, स्टोन रिज स्कूल की प्रत्याक्षा टम्टा, डीपीएस के आस्तिक नरूला, जेपीएस स्कूल के आयुष्मान चौबे, आराध्या सक्सेना, दिव्यांशी शाह, रेनबो स्कूल के निखिल और गुरुनानक स्कूल की अदिति का चयन हुआ। इसी तरह सब जूनियर वर्ग में आरएएन स्कूल के माधव और आरव नेगी, नाद योग संगीत कला केंद्र के आहन पांडे, डीपीएस स्कूल के अक्षत अग्रवाल, मान्या, शिवांशी, एमेनिटी स्कूल की आनवी जखमोला, शौर्य शर्मा, जेपीएस स्कूल के उद्यान और नैन्सी को सेमीफाइनल के लिए चयनित किया गया। कार्यक्रम के दौरान संयोजक केवल कृष्ण बतरा और समिति के अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। केवल कृष्ण बतरा ने जानकारी देते हुए बताया कि सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला 18 मई को रुद्रा होटल में आयोजित किया जाएगा। फाइनल में प्रत्येक वर्ग से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। ऑडिशन का संचालन मोहित बतरा और भविष्य धींगरा ने प्रभावी ढंग से किया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी डॉ अमृता शर्मा, कोलंबस स्कूल के प्रबंधक मनोज खेड़ा, होटल अंबर के प्रबंधक लक्ष्य अरोड़ा, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, महामंत्री मनोज छाबड़ा, कोषाध्यक्ष संदीप राव, पूर्व युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश कामरा, महामंत्री पवन गाव पल्ली, चेतन बत्रा, रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच अध्यक्ष अमित बंगा, सिद्धार्थ सरदाना, निशांत भसीन, हरजीत ग्रोवर, शैली फुटेला, विनोद फुटेला, अवंतिका सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *