Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

भाजपा विधायक सुरेश गढ़िया ने दी आंदोलन की चेतावनी : राजनीतिक छवि धूमिल करने की साजिश की जा रही

कपकोट थाने में शिकायत दर्ज : सोशल मीडिया पर उनके और एक महिला के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां को लेकर निष्पक्ष जांच और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की
बागेश्वर। सोशल मीडिया पर एक महिला द्वारा आत्मदाह की चेतावनी और उससे जुड़े वायरल पोस्ट के बाद जिले में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बीच कपकोट से भाजपा विधायक सुरेश गढ़िया ने मीडिया के सामने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पूरे मामले को उनकी राजनीतिक छवि धूमिल करने की साजिश बताया है। विधायक सुरेश गढ़िया ने बताया कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी उनके नाम से एक कथित अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की गई थी। उस समय उन्होंने जनपद पुलिस और तत्कालीन पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को शिकायत देकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन उनके अनुसार उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि अब एक स्थानीय युवक द्वारा सोशल मीडिया पर उनके और एक महिला के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां और भ्रामक सामग्री प्रसारित कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। विधायक का कहना है कि वह जनता के प्रति जवाबदेह हैं, उनका परिवार भी है और इस तरह के आरोपों के माध्यम से समाज को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है। सुरेश गढ़िया ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पुलिस अधीक्षक तथा कपकोट थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज हो चुका है। हालांकि उनका आरोप है कि अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। विधायक ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट के नीचे कई लोगों ने अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। इन टिप्पणियों के संबंध में भी उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग कपकोट क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से परेशान होकर सुनियोजित तरीके से उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो वह अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन करने को बाध्य होंगे। विधायक ने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाती है तो “दूध का दूध और पानी का पानी” हो जाएगा तथा पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने आ जाएगी।सोशल मीडिया पर महिला ने न्याय की मांग करते हुए दी थी चेतावनी 
कपकोट क्षेत्र की एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अपने फेसबुक आईडी से एक वीडियो में महिला ने अपना नाम माही टाकुली बताते हुए आरोप लगाया है कि वर्ष 2024 से कपकोट विधायक सुरेश गड़िया से जुड़े एक कथित अश्लील फोटो के साथ उसका नाम जोड़कर सोशल मीडिया पर लगातार बदनाम किया जा रहा है। रविवार को महिला ने न्याय की मांग करते हुए चेतावनी दी थी कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो वह अपने पति और दो बच्चों सहित आत्मदाह करेगी। महिला के अनुसार, उसने वर्ष 2024 में इस मामले को लेकर कपकोट थाने में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया था, लेकिन उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। महिला का आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उसे फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग बंद करने की सलाह दी। महिला ने आरोप लगाया कि 29 जुलाई की शाम मानीखेत निवासी जगदीश गोस्वामी नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर उसके चरित्र पर गंभीर आरोप लगाए। महिला का कहना है कि पोस्ट में यह दावा भी किया गया कि उसे विधायक सुरेश गड़िया से तीन करोड़ रुपये और एक गाड़ी मिली है। महिला ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा और आधारहीन बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *