Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल: उत्तराखंड पहुंचे नितिन नवीन, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

प्रदेश कोर कमेटी के सभी सदस्य हारी हुई विधानसभा सीटों में दो-दो दिन का प्रवास करेंगे
देहरादून । उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लक्ष्य को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अब हारी हुई विधानसभा सीटों पर विशेष फोकस शुरू कर दिया है। पार्टी ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में कमजोर प्रदर्शन वाली सीटों को चिन्हित करते हुए बूथ स्तर तक मजबूत संगठनात्मक ढांचा खड़ा करने की रणनीति बनाई है। भाजपा इन सीटों पर युद्ध स्तर पर बूथ प्रबंधन अभियान चलाएगी और प्रदेश कोर कमेटी के सभी सदस्यों को दो-दो दिन के प्रवास की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान देहरादून स्थित प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक का मुख्य फोकस वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाना रहा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को बूथ प्रबंधन का मंत्र देते हुए कहा कि चुनावी जीत का सबसे मजबूत आधार बूथ होता है और प्रत्येक बूथ पर पार्टी की सक्रियता और जनसंपर्क को बढ़ाना होगा। बैठक में विशेष रूप से उन विधानसभा सीटों की समीक्षा की गई, जहां भाजपा को पिछले लोकसभा या विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। इन सीटों पर पार्टी अब विशेष रणनीति के तहत काम करेगी। प्रत्येक बूथ के लिए कार्यकर्ताओं की अलग टीम गठित की जाएगी, जो मतदाताओं से नियमित संपर्क बनाए रखने के साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का काम करेगी। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि बूथ स्तर पर मजबूत पकड़ ही चुनावी जीत की कुंजी साबित होगी। कोर कमेटी की बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रदेश कोर कमेटी के सभी सदस्य हारी हुई विधानसभा सीटों में दो-दो दिन का प्रवास करेंगे। प्रवास के दौरान वे विधानसभा स्तरीय बैठकों में भाग लेने के साथ बूथ स्तर तक जाकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। साथ ही स्थानीय समस्याओं और जनभावनाओं का फीडबैक लेकर सरकार को सुझाव भी देंगे, ताकि विकास योजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जा सके। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और सह प्रभारी रेखा वर्मा ने भी संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी चुनावी तैयारियों को गति देने का आ“वान किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनहित के मुद्दों पर लगातार काम कर रही है और संगठन के सहयोग से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्टð ने कहा कि भाजपा का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर पार्टी 2027 में जीत की हैट्रिक लगाने में सफल होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं और बूथ स्तर तक उनकी सक्रियता चुनावी सफलता सुनिश्चित करेगी। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बृहस्पतिवार को पहली बार संगठनात्मक दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्टð और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। पारंपरिक वेशभूषा में महिला और युवा कार्यकर्ताओं ने वाद्य यंत्रों की धुन पर स्वागत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। जौलीग्रांट एयरपोर्ट, हिमालयन अस्पताल चौक, कैलाश हॉस्पिटल, रिस्पना पुल, चंचल डेयरी और फव्वारा चौक समेत कई स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। राष्ट्रीय अध्यक्ष के पहले संगठनात्मक दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह नजर आया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्टð ने कहा कि कार्यकर्ताओं का स्वतःस्फूर्त उत्साह इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता का भाजपा और उसके नेतृत्व पर गहरा विश्वास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से उत्तराखंड भाजपा संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी तथा विकास की नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प और मजबूत होगा। शाम छह बजे के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में कोर कमेटी की बैठक शुरू हुई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, अनिल बलूनी, अजय भट्टð, माला राज्यलक्ष्मी शाह, नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और सतपाल महाराज समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण अभियान और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *