उत्तराखंड में राहुल गांधी के दौरे की तैयारियों में जुटे कांग्रेस नेता
देहरादून। उत्तराखंड दौरे पर आ रहे कांग्रेस के शीर्ष नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आगामी विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे। दो दिवसीय दौरे के लिए प्रदेश कांग्रेस तैयारियों में जुट गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अल्मोड़ा में होने वाली रैली और पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन के लिए मोर्चा संभाल लिया है। पौड़ी में होने वाले कार्यक्रम के लिए विधायक विक्रम सिंह नेगी को संयोजक बनाया गया। जबकि अल्मोड़ा रैली के लिए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक मनोज तिवारी के अलावा पूर्व सीएम हरीश रावत, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद कुंजवाल सहित अन्य वरिष्ठ नेता लगातार कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने 4 जून को अल्मोड़ा में प्रस्तावित नेता प्रतिपक्ष लोकसभा श्री राहुल गांधी की रैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ रैली की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की और संगठन को मजबूत करने के लिए दिशा-निर्देश दिए। हरीश रावत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण संदेश देने वाली होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग रैली में शामिल होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान तेज करने और अधिक से अधिक लोगों को रैली में शामिल कराने का आहवान किया। रावत ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य कर रही है और राहुल गांधी का दौरा प्रदेश में नई ऊर्जा का संचार करेगा। बैठक में कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। विधानसभा व लोकसभा चुनाव में लगातार शिकस्त मिलने के बाद 2027 में सत्ता वापस की उम्मीद लगाए कांग्रेस को नई ऊर्जा देने के लिए राहुल गांधी का दौरा अहम माना जा रहा है। वर्ष 2021 में राहुल गांधी उत्तराखंड आए थे। इसके बाद विधानसभा उपचुनाव, लोकसभा चुनाव और वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें उत्तराखंड आने का वक्त नहीं मिला। 2027 के चुनाव के लिए कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व उत्तराखंड में सक्रिय नजर आ रहा है। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा कुमाऊं व गढ़वाल मंडल का पांच-पांच दिन का पहले ही दौरा कर चुकी है। अब चार व पांच जून को राहुल गांधी के दौरे पर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
