Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

केदारनाथ धाम पहुंचे सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत : परिवार सहित बाबा केदारनाथ के दर्शन किए

देहरादून/केदारनाथ। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने अपने परिवार के साथ उत्तराखंड स्थित पवित्र केदारनाथ मंदिर में बाबा केदार के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश की सुख-समृद्धि, न्याय व्यवस्था की मजबूती और जनकल्याण की कामना की। सीजेआई सूर्यकांत ने मंदिर परिसर में विधिवत पूजा की और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। केदारनाथ धाम पहुंचने पर मंदिर प्रशासन एवं स्थानीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। दर्शन के दौरान उनके परिवार के सदस्य भी साथ मौजूद रहे। सीजेआई 10:30 बजे करीब केदारनाथ धाम पहुंचे और उन्होंने सीधे मंदिर में दर्शन किए। उसके बाद वे बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हो गए। चारधाम यात्रा के बीच केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे समय में देश के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचना श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। हिमालय की गोद में स्थित केदारनाथ मंदिर भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है और हर वर्ष लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *