खाई में गिरा डंपर,चालक की मौत
अल्मोड़ा। महरौली-चित्तौड़खाल मोटर मार्ग पर रूडोली गांव के समीप शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर चालक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 11ः30 बजे डीसीआर के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि महरौली क्षेत्र के पास एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। स्थानीय लोगों की सहायता से खाई में गिरे वाहन तक पहुंचकर चालक को बाहर निकाला गया और तत्काल 108 एंबुलेंस से देवायल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राकेश चन्द्र उर्फ जग्गु (28 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय गोपाल दत्त रेखाड़ी, निवासी ग्राम बसोली, विकासखंड सल्ट, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। राकेश चन्द्र की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि वह परिवार का मुख्य सहारा था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था और वह अपनी वृद्ध मां के साथ रहकर परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहा था। घर की आर्थिक स्थिति भी सामान्य नहीं बताई जा रही है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक की लहर फैल गई है और क्षेत्र के लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
