August 30, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

शांतिपूर्वक धार्मिक आस्था, भाईचारे और सौहार्द के माहौल में मनाया गया बकरीद

रूद्रपुर/गदरपुर/हल्द्वानी/सितारगंज/किच्छा। (उद संवाददाता) मुस्लिम समाज द्वारा आज ईद उल अजहा का पर्व हर्षोंल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर आज प्रातः नगर की विभिन्न मस्जिदों में ईद की नमाज अता की गई। मुख्य नमाज मौहल्ला खेड़ा स्थित ईदगाह में आयोजित हुई जहां जामा मस्जिद के इमाम दानिश रजा मिसवाही ने ईद की नमाज अता करवा कर देश व समाज में भाईचारा, अमन चौन व खुशहाली दुआयें की। नमाज के बाद सभी ने एक दूसरे के गले मिल ईद की मुबारकबाद दी। ईद उल अजहा (बकरीद) पैगम्बर इब्राहिम द्वारा अल्लाह के प्रति दिखाये गये सर्वोंच्च त्याग और समर्पण की याद में मनाया जाता है। इस्लामिक मान्यता के अनुसार जब अल्लाह ने इब्राहिम की परीक्षा लेने के लिए उनके सबसे प्रिय पुत्र इस्माईल की कुर्बानी मांगी तो वह तैयार हो गये। जब इब्राहिम ने अपने आंखों की पट्टी हटाई तो देखा कि इस्माईल बिल्कुल सुरक्षित खड़े थे और उनकी जगह पर एक मेमने की कुर्बानी हो चुकी थी। इस त्यौहार का मुख्य सन्देश त्याग और बलिदान है। यह पर्व सिखाता है कि इंसान को अल्लाह की राह में अपनी सबसे प्रिय चीज का त्याग करने के लिए भी तैयार रहना चाहिए। इससे पूर्व डाग स्क्वायड व बम निरोधक दस्ते द्वारा ईदगाह परिसर का बारीकी से निरीक्षण भी किया गया। वहीं पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की देख रेख में सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह से चौकस रही। इस मौके पर जाहिद रजा रिजवी, बाबू खान, परवेज अहमद, सलीम खान, नदीम खान, शाहिद रजा, डा- शाहखान राजशाही, फखरूद्दीन, जावेद खान, अख्तर अली, लियाकत खान, अबरार हुसैन, उमर अली, फैजान अहमद सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे। मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा ईद के मौके पर कुर्बानी की रस्म भी अदा की गई।
हल्द्वानी- यहां ईद उल अजहा का पर्व शानौशौकत से मनाया गया। ईदगाह सहित सभी मस्जिदों में प्रातः ईद की नमाज पढ़ी गई। जामा मस्जिद, ईदगाह, आस्ताना जहांगीरी मस्जिद, मस्जिद चिराग अली शाह बाबा, जलाल शाह बाबा मस्जिद कसावान, इंदिरा नगर बड़ी मस्जिद, ताज मस्जिद, अक्कानी मस्जिद, गफ्फारी मस्जिद व बिलाली मस्जिद के साथ ही काठगोदाम की ईदगाह मस्जिद में बड़ी सेख्या में पहुंचे अकीदतमंदों ने नमाज अता कर अमन चौन की दुआऐं मांगी। इस दौरान सभी मस्जिदों में सुरक्षा के पूरे इंतजाम किये गये थे। नमाज के बाद जहां मुस्लिम समाज के लोगों ने गले मिल एक दूसरे को ईद की बधाई दी तो वहीं विभिन्न संगठनों से जुड़े तमाम लोगों ने भी नमाज स्थल पर पहुंचकर मुस्लिम समाज के लागों के गले मिल उन्हें ईद की मुबारकबाद दी। गदरपुर- ईद-उल- अजहा का पर्व गदरपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रें में धार्मिक आस्था, भाईचारे और सौहार्द के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही नमाजियों का ईदगाह पहुंचना शुरू हो गया था। तय समय के अनुसार सुबह साढ़े सात बजे ईद-उल-अजहा की विशेष नमाज अदा की गई, जिसमें हजारों लोगों ने भाग लेकर अल्लाह की बारगाह में सजदा किया। नमाज से पूर्व कारी जाने आलम ने तकरीर करते हुए ईद-उल-अजहा की अहमियत पर प्रकाश डाला। उन्होंने हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम की कुर्बानी को इंसानियत के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि यह त्योहार त्याग, सब्र और अल्लाह की राह में कुर्बानी देने का संदेश देता है। नमाज के बाद कारी जाने आलम ने गदरपुर नगर, उत्तराखंड प्रदेश और पूरे देश की खुशहाली, तरक्की, अमन एवं भाईचारे के लिए विशेष दुआ कराई। उन्होंने लोगों से आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता बनाए रखने की अपील भी की। दुआ के दौरान नमाजियों ने देश की सलामती और इंसानियत की भलाई के लिए हाथ उठाकर दुआ मांगी। ईदगाह परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी सुबह से ही मौके पर मौजूद रहे। नमाज के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने व्यवस्था संभाले रखी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में ईद-उल-अजहा का पर्व भाईचारे, मोहब्बत और धार्मिक सौहार्द के वातावरण में मनाया गया।
सितारगंज- क्षेत्र में ईद उल अजहा का पर्व हर्षौल्लास के साथ मनाया गया। बृहस्पतिवार की सुबह 8:00 बजे ईदगाह में हजारों मुस्लिम समाज के लोगों को मुफ्ती मुकीम रजा ने ईद उल अजहा की नमाज अदा कराई। इस दौरान उन्होंने आमजन और क्षेत्र की खुशहाली के लिए दुआएं की। बृहस्पतिवार को ईद उल अजहा का पर्व क्षेत्र में हर्षौल्लास के साथ बनाया गया। ईदगाह और विभिन्न मस्जिदों में ईद की नमाज अकीकत के साथ अदा की गई। इसके बाद लोगों ने घरों में अल्लाह की याद में कुर्बानियां पेश की। इस दौरान को भूपेंद्र सिंह धोनी, कोतवाल सुंदरम शर्मा, उप निरीक्षक जावेद मलिक पुलिस व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। इस मौके पर अख्तियार पटौदी, सभासद रिहान अंसारी, इश्तियाक अंसारी, जिलानी अंसारी, हाजी शमशेर अली, साबिर अली, अबरार, हनीफ बाबा, मुशीर लारी, बबलू हसन आदि मौजूद थे।
किच्छा। बकरीद का पर्व किच्छा विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को पूरी श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों में मुस्लिम समाज के लोगों ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी सौहार्द की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी।
किच्छा नगर की जामा मस्जिद, छोटी मस्जिद, नूरी मस्जिद वार्ड नंबर 7 सहित बंदिया, सिसैया, सिरौली, दरऊ, ग्राम बखपुर, अलीनगर, शहदौरा, छीनकी, खमरिया, लालपुर शाहिद समेत किच्छा विधानसभा क्षेत्र की सभी मस्जिदों में नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा।
जानकारी के अनुसार किच्छा क्षेत्र में सबसे पहले छोटी मस्जिद, नूरी मस्जिद वार्ड नंबर 7 सहित अन्य मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। इसके बाद नगर की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में अंतिम नमाज अदा हुई, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर इबादत की। नमाज के दौरान मौलवियों ने समाज में भाईचारा, प्रेम और इंसानियत बनाए रखने का संदेश दिया।
जामा मस्जिद के संचालक जावेद मलिक ने सभी क्षेत्रवासियों को बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईद का त्योहार त्याग, बलिदान और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और समाज में प्रेम व भाईचारे को मजबूत करने की अपील की। मस्जिद के मौलवी एवं अन्य धर्मगुरुओं ने भी देश की तरक्की, शांति और खुशहाली के लिए विशेष दुआ कराई।
इस अवसर पर जावेद मलिक, बिलाल, नजाकत खान, नाजिम मलिक, एन.यू. खान, सोनू सभासद, आरिफ कुरैशी, इदरीश कुरैशी सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक लोग मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में बकरीद का पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होने पर लोगों ने खुशी जाहिर की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *