November 5, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गंगोत्री धाम जा रहे गुजरात के यात्रियों का वाहन 200 मीटर गहरी खाई में गिरा, पांच की मौत

गंगनानी के पास गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा, वाहन में सवार थे छह यात्री और चालक; दो लोग अब भी लापता, तलाश में जुटी एसडीआरएफ

उत्तरकाशी। गंगोत्री धाम के दर्शन की उम्मीद लेकर निकले सात लोगों का सफर गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसे में बदल गया। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और नदी में समा गया। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की सूचना है, जबकि दो लोग लापता हैं।जानकारी के अनुसार, वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक सवार थे। सभी यात्री गुरुवार सुबह हिना के समीप से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर जाते समय वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। देखते ही देखते वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा और नदी में समा गया।

नदी किनारे मिले पांच शव, दो की तलाश जारी

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। करीब 200 मीटर गहरी खाई और नदी में वाहन गिरने से राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं।रेस्क्यू टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभियान के दौरान नदी किनारे पांच लोगों के शव बरामद किए गए। वाहन में कुल सात लोग सवार थे। ऐसे में लापता दो अन्य लोगों की तलाश के लिए नदी किनारे और आसपास के क्षेत्र में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

गंगोत्री यात्रा के दौरान मातम

गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए निकले यात्रियों के साथ हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। जिस यात्रा पर श्रद्धालु आस्था और उत्साह के साथ निकले थे, वह पलभर में मातम में बदल गई। फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *