November 1, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

विदेश भेजने के नाम पर ठगी का भंडाफोड़, 61 पासपोर्ट और अवैध पिस्टल बरामद, एक गिरफ्तार

रुद्रपुर। विदेश में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट पर दुबई भेजने का झांसा देकर युवकों से ठगी करने के मामले में एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर रुद्रपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आवास विकास स्थित जेड ग्लोबल कार्यालय के संचालक अलीम खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 61 पासपोर्ट, एक डायरी और .32 बोर की अवैध पिस्टल बरामद की गई है। इसके अलावा आरोपी की होंडा एक्टिवा स्कूटी भी सीज कर दी गई है। पुलिस बरामद पासपोर्ट और डायरी में दर्ज विवरण के आधार पर अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को वार्ड नंबर 21, रुद्रपुर निवासी मुजाहिद पुत्र भूरे खान ने कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर देकर बताया कि प्रीत विहार निवासी अलीम खान ने आवास विकास स्थित अपने कार्यालय जेड ग्लोबल के माध्यम से उसे दुबई में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट पर विदेश भेजने का भरोसा दिलाया था। उसकी बातों में आकर पीड़ित ने अपनी मोटरसाइकिल और जेवर बेचकर कुल दो लाख रुपये आरोपी को दे दिए।

आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी ने उसे वर्क परमिट के बजाय विजिटर वीजा पर दुबई भेज दिया। इतना ही नहीं, वीजा में संपादन कर उसे वर्क वीजा जैसा दिखाया गया। दुबई पहुंचने पर पीड़ित को वीजा की वास्तविक स्थिति का पता चला, जिसके बाद उसे वहां काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा और जुर्माना भी भरना पड़ा। इसके बाद वह किसी तरह भारत वापस लौटा।

पीड़ित के अनुसार, भारत लौटने के बाद जब उसने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी तो अलग-अलग तिथियों में उसे केवल 30 हजार रुपये लौटाए गए। शेष एक लाख 70 हजार रुपये देने से आरोपी ने इनकार कर दिया। आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने अपनी तहरीर में अन्य लोगों के साथ भी विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर इसी तरह धोखाधड़ी किए जाने की आशंका जताई।

तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा संख्या 579/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने विवेचना के दौरान साक्ष्य जुटाते हुए कार्रवाई शुरू की। उपनिरीक्षक धीरज टम्टा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी अलीम खान पुत्र जमील अहमद, उम्र करीब 29 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 25, प्रीत विहार, रुद्रपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस कार्रवाई के दौरान जेड ग्लोबल कार्यालय से कुल 61 पासपोर्ट, एक डायरी और .32 बोर की अवैध पिस्टल बरामद की गई। पुलिस ने सभी पासपोर्ट और डायरी को विधिक प्रक्रिया के तहत कब्जे में ले लिया है। बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने विदेश में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट उपलब्ध कराने के नाम पर कितने लोगों से संपर्क किया था और कितने लोग कथित धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, बरामदगी और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 तथा इमिग्रेशन एक्ट की धारा 10/24 की बढ़ोतरी की गई है। इसके अतिरिक्त आरोपी के कब्जे से संबंधित होंडा एक्टिवा स्कूटी को मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं 194(डी), 196, 192 एवं 207 के तहत सीज किया गया है।

पुलिस अब बरामद 61 पासपोर्ट, डायरी में दर्ज विवरण, वीजा और विदेश भेजने की प्रक्रिया की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कथित नेटवर्क के माध्यम से अन्य कितने लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धीरज टम्टा, उपनिरीक्षक नरेश पंत, हेड कांस्टेबल राजकुमार और कांस्टेबल महेंद्र कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *