October 29, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सड़क बाधित कर रही मजार ध्वस्त

देहरादून (उद संवाददाता)। सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत देहरादून जिला प्रशासन ने नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में हिमगिरी पैलेस के पास स्थित एक मजार को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन के अनुसार, उक्त संरचना मार्ग में बाधा उत्पन्न कर रही थी। कार्रवाई से पहले संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई और नोटिस भी जारी किया गया था। स्थानीय लोगों की ओर से भी इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई थी। जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन को नेहरू कॉलोनी में हिमगिरी पैलेस के पास स्थित मजार के संबंध में शिकायत मिली थी। इसके बाद प्रशासन ने मामले से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की और नियमानुसार नोटिस जारी करने की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद मार्ग में बाधा उत्पन्न कर रही संरचना को हटाने की कार्रवाई की गई। देहरादून की उपजिलाधिकारी अपूर्वा सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि की है। प्रदेश सरकार की ओर से सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत धार्मिक संरचनाओं के नाम पर सरकारी भूमि पर किए गए कथित अतिक्रमणों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रदेश में अब तक 603 ऐसी संरचनाओं को हटाए जाने का दावा किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व में कहा है कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं की रक्षा के साथ सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *