October 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गैरसैंण विधानसभा सत्र: मुख्यमंत्री ने सदन में पेश किया 7,400 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट

गैरसैंण (चमोली)। भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन के पटल पर 7,400 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट रखा। उत्तराखंड सरकार ने इसमें राजस्व मद के लिए 3,679.86 करोड़ रुपये और पूंजीगत मद के लिए 4,164.32 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बजट में गैरसैंण जलापूर्ति बांध परियोजना, कुंभ मेले के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, ग्रामीण विकास और खेल समेत कई क्षेत्रों के लिए धनराशि रखी गई है। ग्रामीण, शहरी और स्थानीय निकायों को राज्य वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुरूप 721 करोड़ रुपये देने का प्रस्ताव है। अन्नपूर्ति योजना के तहत धान और गेहूं की खरीद के लिए 1,100 करोड़ रुपये तथा अवस्थापना विकास के लिए 500 करोड़ रुपये रखे गए हैं। जल जीवन मिशन में ठेकेदारों के बकाया भुगतान के लिए 300 करोड़ और कुंभ मेले में अवस्थापना विकास कार्यों के लिए 290 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उच्च शिक्षा और विद्यालयी शिक्षा में डिजिटल लर्निंग के लिए 200 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में मंगलवार को दो दिवसीय विधानसभा सत्र शुरू हो गया। सुबह 11 बजे वंदे मातरम् के साथ सदन की कार्यवाही शुरू हुई। सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा भवन में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट के चित्रें पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। नेता प्रतिपक्ष ने भी दोनों नेताओं को श्रद्धांजलि देते हुए उनके राजनीतिक जीवन पर प्रकाश डाला। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक अरविंद पांडेय, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक बंशीधर भगत और मंत्री रेखा आर्या ने भी दोनों नेताओं के चित्रें पर पुष्प अर्पित किए। इससे पहले विधानसभा सत्र में शामिल होने पहुंचे मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों का विधानसभा भवन के मुख्य द्वार पर स्वस्ति वाचन के साथ स्वागत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *