उर्मिला सनावर के खिलाफ अब तक कुल 11 मुकदमे दर्ज, नार्को टेस्ट की सुनवाई के बीच 14 दिन की न्यायिक हिरासत
राज्यपाल और भाजपा के वरिष्ठ नेता की छवि धूमिल करने के आरोप
देहरादून (उद संवाददाता)। अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर चर्चाओं में आई अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित कर राज्यपाल और भाजपा के वरिष्ठ नेता की छवि धूमिल करने के आरोप में उनके खिलाफ नगर कोतवाली में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपित किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मोती बाजार निवासी सागर ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि हरिद्वार रोड स्थित सीबीआई न्यायालय के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो पर सुजाता पॉल का लोगो लगा हुआ है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वीडियो में उर्मिला सनावर मीडिया के कैमरों और माइक के सामने एक राज्य के राज्यपाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता और एक महिला के खिलाफ बिना किसी न्यायिक आदेश या प्रमाण के आपत्तिजनक और मानहानिकारक व्यक्तिगत आरोप लगा रही हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस तरह के बयान प्रसारित होने से संबंधित व्यक्तियों की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही समाज में भ्रम, आक्रोश और वैमनस्य फैलने की आशंका है। शिकायत में वीडियो के माध्यम से महिला की निजता, प्रतिष्ठा और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने तथा समाज में अशांति फैलाने का प्रयास किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। इससे पहले रविवार 25 अक्टूबर को उर्मिला सनावर को रानीपुर थाने में दर्ज मुकदमे के सिलसिले में सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उर्मिला सनावर के खिलाफ अब तक कुल 11 मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। हरिद्वार जेल के अधीक्षक मनोज कुमार आर्य के मुताबिक, उर्मिला सनावर ने जेल में रातभर सुरेश राठौर का नाम लेकर आवाज लगाई। सुबह उठने के बाद उन्होंने अखबार मांगा। इसके बाद उन्होंने महिला बंदियों से बातचीत की और नाश्ता किया।उधर, पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने सोमवार को देहरादून की सीबीआई अदालत में अपनी मेडिकल रिपोर्ट पेश की। जिसके बाद सुनवाई टल गयी है।


