धामी सरकार में खुले तीन नए राजकीय मेडिकल कॉलेज: रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को जल्द मिल सकती हैं 100 एमबीबीएस सीटें
प्रदेश में 1700 तक पहुंचेगा सीटों का आंकड़ा
देहरादून। उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पिछले पांच वर्षों में प्रदेश में तीन नए राजकीय मेडिकल कॉलेज शुरू हुए हैं। अब रुद्रपुर में तैयार मेडिकल कॉलेज को भी 100 एमबीबीएस सीटों की अनुमति मिलने की उम्मीद है। इसके बाद प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस सीटों की संख्या 675 से बढ़कर 775 हो जाएगी।
प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के साथ अधिक से अधिक युवाओं को मेडिकल की पढ़ाई का अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लक्ष्य पर काम कर रही है। इसी क्रम में चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से मेडिकल कॉलेजों के विस्तार की दिशा में काम किया जा रहा है।
प्रदेश में वर्तमान में देहरादून, हल्द्वानी, श्रीनगर, अल्मोड़ा, हरिद्वार और पिथौरागढ़ में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। इनमें अल्मोड़ा, हरिद्वार और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज पिछले पांच वर्षों में शुरू हुए हैं। छह राजकीय मेडिकल कॉलेजों में वर्तमान में कुल 675 एमबीबीएस सीटें हैं।
रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार
रुद्रपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी पूरा हो चुका है। यहां 100 एमबीबीएस सीटों की अनुमति मिलने की उम्मीद है। सीटों की मंजूरी मिलने के बाद रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में भी चिकित्सा शिक्षा शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा। इसके साथ ही सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की कुल सीटें बढ़कर 775 हो जाएंगी।
वर्तमान में दून मेडिकल कॉलेज देहरादून में 150, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में 125, श्रीनगर में 150, अल्मोड़ा में 100, हरिद्वार में 100 और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में 50 एमबीबीएस सीटें हैं।
निजी और सरकारी मिलाकर 1700 सीटें
प्रदेश में सरकारी मेडिकल कॉलेजों के अलावा चार निजी मेडिकल कॉलेज भी संचालित हैं, जिनमें कुल 900 एमबीबीएस सीटें हैं। हिमालयन इंस्टीट्यूट जौलीग्रांट में 250, एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज देहरादून में 250, गौतम बुद्ध मेडिकल कॉलेज देहरादून में 150 और ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट देहरादून में 250 सीटें हैं।
इसके अलावा एम्स ऋषिकेश में एमबीबीएस की 125 सीटें हैं। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज की प्रस्तावित 100 सीटें जोड़ने के बाद राजकीय, निजी और केंद्रीय संस्थान को मिलाकर उत्तराखंड में एमबीबीएस की कुल सीटों की संख्या 1700 तक पहुंच जाएगी।
वैश्विक पहचान बनाने की दिशा में बढ़ रहा उत्तराखंड : डॉ. सयाना
चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सोच के अनुरूप उत्तराखंड मेडिकल एजुकेशन के क्षेत्र में देश के साथ वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भविष्य में प्रदेश डॉक्टर, नर्स और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े अन्य प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने की स्थिति में होगा।
हर जिले में मेडिकल कॉलेज हमारा संकल्प : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार युद्धस्तर पर काम कर रही है। हर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना सरकार का संकल्प है, ताकि स्थानीय स्तर पर योग्य डॉक्टर तैयार हो सकें और प्रदेश के होनहार छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के लिए उत्तराखंड से बाहर न जाना पड़े।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस मेडिकल एजुकेशन के विस्तार के साथ स्वास्थ्य सेवाओं तक आम लोगों की पहुंच बढ़ाने पर भी है।


