October 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रुद्रपुर में जल्द शुरू होगा मेडिकल कॉलेज का संचालन: धामी

शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए सीट आवंटन का आदेश मिला, गैरसैंण सत्र में जनहित के मुद्दों पर होगी चर्चा

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रुद्रपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज का संचालन जल्द शुरू किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज के लिए शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए सीट आवंटन का आदेश प्राप्त हो चुका है। प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। साथ ही एम्स के केंद्र को भी शीघ्र शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। बुधवार को पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से काम किया जा रहा है। पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और रुद्रपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेजों के संचालन को आगे बढ़ाया गया है। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के लिए शैक्षणिक सत्र 2027-28 हेतु सीट आवंटन का आदेश मिलना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर न जाना पड़े और प्रदेश में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों।

नशे से युवाओं को बचाना प्राथमिकता

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में तंबाकू एवं निकोटीन युक्त गुटखा, पान मसाला और अन्य संबंधित उत्पादों पर एक वर्ष के लिए प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए जागरूकता के साथ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

जनता के द्वार तक पहुंचेगा शासन-प्रशासन

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य शासन और प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने और नियमित रूप से लोगों से संवाद करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि मातृशक्ति, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और युवाओं से जुड़ी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

गैरसैंण सत्र में जनहित के मुद्दों पर होगी चर्चा

गैरसैंण में आयोजित होने वाले विधानसभा सत्र को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार जनहित से जुड़े सभी मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा के लिए तैयार है। सरकार का प्रयास है कि विधानसभा में प्रदेश के विकास और जनता से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *